हाउसिंग बोर्ड में फार्म लेने के लिए मची होड़
- फोटो : अमर उजाला
सेक्टर-9 स्थित चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड कार्यालय में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मिलने वाले मकानों के फार्म के लिए लंबी लाइनें लगीं हैं। बड़ी संख्या में लोग सुबह से ही हाउसिंग बोर्ड पहुंचना शुरू हो गए। कई महिलाओं ने बताया कि वे बिना कुछ खाए ही यहां आई हैं। बहुत की महिलाएं फार्म भी नहीं ले सकीं और लौट गईं। कई महिलाएं तो लाइन में आगे बढ़ने की होड़ में आपस में भी उलझ पड़ीं। बाद में पुलिस ने आकर महिलाओं को लाइन में लगाया।
बापू धाम की राधा, रूपाली सहित अन्य को पांच घंटों की मशक्कत के बाद फार्म मिला तो यहीं की सुनीता, लक्ष्मी, कमलेश उर्मिला और साहिल सहित कई लोग भीड़ के कारण फार्म नहीं ले पाए। सेक्टर-52 की टीन कालोनी निवासी सुदेवी, माया, लोकेश भी भारी भीड़ की वजह से बिना फार्म लिए ही घर लौट आए। सेक्टर-26 की रीता, शबनम, नीलम सहित बहुत सी महिलाओं को भी बिना फार्म लिए ही लौटना पड़ा।
मकानों के फार्म हाउसिंग बोर्ड में 10 रुपये में मिल रहे हैं। सबको फार्म की दस रुपये की रसीद दी जा रही है। यह फार्म 10 रुपये के पोस्टल आर्डर के साथ जमा करवाना है। फार्म 20 अप्रैल तक मिलेंगे और 20 अप्रैल तक फार्म जमा भी हाउसिंग बोर्ड में होंगे।
भारी भीड़ को देखते हुए हाउसिंग बोर्ड ने 10 और कर्मचारियों को ड्यूटी पर तैनात करने का फैसला लिया है। ये दस कर्मचारी फार्म बांटेंगे। वीरवार को हाउसिंग बोर्ड के चार कर्मचारियों ने 15 सौ से अधिक फार्म बांटे।