झूठा दावा कर रहे हैं, मुझे मेरे पति के बारे में केंद्र सरकार से अब तक कोई सूचना नहीं मिली है। यह कहना है उस महिला का, जो अपने पति के बारे में जानकारी पाना चाहती है।
मामला पंजाब के होशियारपुर का है। जिले के दसूहा में सफदरपुर कुल्लियां गांव के निवासी सतविंदर कुमार की पत्नी ने विदेश मंत्रालय के उस दावे को नकारा है, जिसमें कहा गया था कि मंत्रालय ने परिवार के सदस्यों को सूचित करते हुए पत्र लिखा है। इस पत्र में लिखा है कि एक हत्या और राजमार्ग लूट का दोषी पाए जाने के बाद सीमा के पति का सऊदी अरब में सिर कलम कर दिया गया।
बुधवार रात फोन पर अमर उजाला ने बात की तो सतविंदर की पत्नी सीमा ने कहा हमें अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक जानकारी नहीं मिली है। हमें विदेश मंत्रालय या भारत सरकार के किसी प्रतिनिधि से कोई ई-मेल या पत्र नहीं मिला है, जिससे हमें इस तरह की घटना की सूचना मिले।
ये है मामला
सीमा ने बताया कि उन्हें सऊदी अरब से एक व्यक्ति का फोन आया था, जिसमें बताया कि 28 फरवरी को सतविंदर का सिर कलम कर दिया गया और इसके बाद से उन्हें इस बारे में कोई सूचना नही मिली। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के उपाध्यक्ष अविनाश राय खन्ना, केंद्रीय राज्यमंत्री विजय सांपला और विदेश मंत्री सुषमा स्वराज सहित सभी से बात करने का प्रयास किया, लेकिन कहीं से कुछ मदद नहीं मिली।
सीमा ने बताया कि परिवार को 21 फरवरी को सतविंदर का जेल से फोन आया था और उसके बाद उससे कोई संपर्क नहीं हुआ था। बाद में एक अज्ञात कॉलर, जिसने इंटरनेट के जरिए कॉल किया और बताया कि सतविंदर जो लुधियाना के एक अन्य युवक के साथ सऊदी जेल में बंद था, का सिर कलम कर दिया गया है। परिजनों को तो बस इतना पता है कि सऊदी अरब में लड़ाई करने पर सतविंदर को जेल हुई थी। परिवार के सदस्यों ने बार-बार फोन करने वाले से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन वे उससे वापस संपर्क नहीं कर सके।
फिर उन्होंने पंजाब और हरियाणा उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाया। अगर सरकार या विदेश मंत्रालय ने वहां कोई पत्र भेजा है, तो हमें नहीं पता। अब अगर सतविंदर जीवित नहीं हैं तो अब सरकार चाहे जो करे, मैं तो अपना पति खो ही चुकी हूं। रही बात पत्र मिलने की तो आज तक उन्हें केंद्र सरकार की तरफ से कोई जानकारी नहीं दी गई है। बता दें कि सतविंदर की शादी लगभग 14 साल पहले हुई थी और उसकी एक बेटी है।