होशियारपुर केंद्रीय जेल में सजा काट रहे कैदी की पिटाई के मामले में पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के निर्देश पर पंजाब जेल विभाग ने केंद्रीय जेल के अधीक्षक को निलंबित करने का आदेश दिया है जबकि सात जेलकर्मियों के खिलाफ थाना सिटी में मामला दर्ज कर लिया गया है। हालांकि इस संबंध में अदालत में दायर अपनी याचिका में पीड़ित ने सभी के नामों का खुलासा किया था लेकिन इसके बावजूद पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
हरिंदरपाल सिंह उर्फ हिंदा निवासी मुहद्दीपुर जिला जालंधर केंद्रीय जेल में हत्या के मामले में सजा काट रहा है। कैदी हरिंदरपाल सिंह उर्फ हिंदा के वकील अमित अग्निहोत्री के मुताबिक जेल अधीक्षक जोगिंदरपाल अवैध काम करने का दबाव बनाने के उद्देश्य से कैदी हरिंदरपाल सिंह उर्फ हिंदा की पिटाई करवाते थे। कैदी ने अपने वकील के माध्यम से इस मामले में पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में याचिका दायर कर जेल के सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित रखने की अपील की।
इस बीच केंद्रीय जेल की ओर से विभाग को भेजी गई जांच रिपोर्ट में मारपीट से इन्कार किया गया और कहा गया कि उनके बीच गाली-गलौज हुई थी। इसके आधार पर एडीजीपी (जेल) ने हाईकोर्ट में यह हलफनामा दाखिल किया कि मारपीट की कोई घटना नहीं हुई लेकिन हिंदा के वकील ने हाईकोर्ट में फुटेज दिखा दिया। इसमें हिंदा की पिटाई होती दिख रही है।