चंडीगढ़। सेक्टर-61 स्थित हाउसिंग बोर्ड सोसाइटी में 6-7 हुड़दंगबाज रॉड और डंडों से पांच कारों के शीशे तोड़ फरार हो गए। सेक्टर-36 थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। आरोपियों की हरकत सीसीटीवी में कैद हो गई है।
वारदात बुधवार रात करीब 8.50 बजे की है। पुलिस को सूचना मिली कि सेक्टर-61 स्थित हाउसिंग बोर्ड सोसाइटी में कुछ हुड़दंगबाज मकान नंबर 467 से 477 के बीच पार्किंग में कई गाड़ियों के शीशे तोड़कर फरार हो गए हैं। सेक्टर-61 चौकी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। इस दौरान पांच गाड़ियों के शीशे टूटे मिले।
सोसाइटी की रेजिडेंट वेलफेयर एसोशिएसन (आरडब्ल्यूए) के पूर्व प्रधान विनीत चौहान ने बताया कि आरोपियों ने होंडा सिटी, स्विफ्ट, ब्रेजा, सेंट्रो और आई-20 कार के शीशे तोड़े हैं। इस दौरान आरोपियों ने ब्रेजा कार से 5 से 6 हजार रुपये भी चोरी किए हैं।
पजेरो गाड़ी में आए थे आरोपी
वारदात स्थल की पुलिस को एक सीसीटीवी फुटेज मिली है। इसमें 6 युवक हाथ में रॉड और डंडा लेकर कार का शीशा तोड़ते दिखाई दे रहे हैं। आरोपी पजेरो गाड़ी में आए थेे। बताया जा रहा है सात आरोपियों ने वारदात को अंजाम दिया। इतना ही नहीं, आरोपियों ने वारदात को अंजाम देने से पहले रेकी भी की थी। इसकी फुटेज भी पुलिस को सौंपी गई है। वहीं, पुलिस का कहना है कि छानबीन की जा रही है। वारदात रंजिशन की गई हो सकती है।