चंडीगढ़। लॉकडाउन के बाद अभी तक सिटको में आर्थिक तंगी को लेकर हालात सामान्य नहीं हो पाए हैं। आर्थिक तंगी के कारण रेगुलर कर्मचारियों की पदोन्नति को लेकर होने वाली डिपार्टमेंटल प्रमोशन कमेटी (डीपीसी) की बैठक पर भी ब्रेक लग गया है। सिटको प्रबंधन कमेटी की बैठक नहीं होने के पीछे आर्थिक तंगी का कारण बता रहा है, जबकि कर्मचारी यूनियनें जानबूझ कर बैठक नहीं कराए जाने का आरोप लगा रही हैं।
जानकारी के अनुसार लॉकडाउन से पहले डीपीसी की बैठक होनी थी, लेकिन किसी कारणवश कमेटी की बैठक का आयोजन नहीं हो पाई। अब लॉकडाउन के बाद सिटको में आई आर्थिक मंदी ने फिर से डीपीसी की बैठक पर ब्रेक लगा दिया है। सिटको प्रबंधन के अधिकारियों का कहना है कि सिटको के आर्थिक हालात ठीक नहीं है। कर्मचारियों के प्रमोशन से सिटको पर अतिरिक्त बोझ पड़ेगा जबकि सिटको प्रोग्रेसिव वर्क्स यूनियन ने प्रबंधन के आर्थिक तंगी के दावों को खारिज किया है। वहीं यूनियन के चेयरमैन कश्मीरचंद ने बताया कि प्रमोशन से किसी प्रकार का कोई भी बोझ प्रबंधन पर नहीं पड़ेगा, प्रमोशन से कर्मचारियों का हौसला बढ़ेगा और वे अच्छा काम भी करेंगे।
आउटसोर्स कर्मचारी का मिला एक्सटेंशन, रोष
सिटको में आउटसोर्स कर्मचारी को हाल ही में हुई बोर्ड ऑफ डायरेक्टर (बीओडी) की बैठक में सीनियर हाउसकीपिंग पर एक्सटेंशन दिया गया। जबकि विभाग के रेगुलर कर्मचारियों को पदोन्नति नहीं दी जा रही है। इसे लेकर रेगुलर कर्मचारियों में खासा रोष है।
कोट
शिवालिक व्यू होटल में क्वारंटीन सेंटर बनाया गया है। जहां बाहर से आने वाले एनआरआई को क्वारंटीन किया जा रहा है। यहां पर एक सीनियर हाउसकीपिंग की जरूरत को देखते हुए यह एक्सटेंशन किया गया है। -राकेश कुमार पोपली, सीजीएम, सिटको