चंडीगढ़। हल्लोमाजरा में एक किराएदार से विवाद के बाद 12 से 15 हुड़दंगियों ने मकान मालिक के घर पर पथराव शुरू कर दिया। इससे कार के साथ मकान में लगे शीशे भी टूट गए। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। शिकायत के आधार पर सेक्टर-31 थाना पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।
मकान मालिक विजय किशन झा ने बताया कि उनके यहां रोहित नाम का युवक किराए पर रहता है। रोजाना की तरह शनिवार रात करीब 11 बजे वह खाना खाने के लिए उनके मकान में आ रहा था। इस दौरान वहां खड़े तीन-चार युवकों ने रोहित से बेवजह उलझना शुरू कर दिया। इस दौरान विरोध करने पर युवकों ने रोहित के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद घटना शिकायत रोहित के परिजनों को दी गई लेकिन थोड़ी देर बाद पड़ोसी युवक अपने करीब दर्जन भर साथियों मकान के बाहर खड़ी उनकी गाड़ी पर पत्थर मार के तोड़ दी। इस दौरान उनके बीच बचाव करने के बावजूद हुड़दंगियों ने मकान के तीसरी मंजिल तक जमकर पत्थरबाजी कर दी। पत्थरबाजी में मकान की खिड़कियां और शीशे भी टूट गए। इससे उन्हें काफी नुकसान हुआ। शोरशराबे के बाद आसपास के लोग जमा हो गए। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को दी गई। वहीं मकान मालिक विजय किशन झा का आरोप है कि पुलिस केस दर्ज करने के बजाय समझौता करवाने में जुटी हुई है।