केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह चार अगस्त को चंडीगढ़ आ रहे हैं। उनके आगमन को लेकर चंडीगढ़ में काफी हलचल है। अमित शाह कई परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। वह मनीमाजरा के लोगों को 24 घंटे पानी की सौगात भी देंगे। वह सेक्टर-50 के कॉमर्स कॉलेज के नए हॉस्टल ब्लॉक का उद्घाटन, चंडीगढ़ पुलिस के आईटी कांस्टेबल को नियुक्ति पत्र भी देंगे।
विद्यार्थियों को सेक्टर 50 के गवर्नमेंट कॉलेज ऑफ कॉमर्स एंड बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन में मॉर्डन इन्फ्रास्ट्रक्चर पर तैयार नया छात्रावास मिलेगा। छात्रावास बनकर तैयार है। अमित शाह चार अगस्त को इसका उद्घाटन कर सकते हैं। छात्रावास में कुल 256 सीटें हैं और सेक्टर 50 के अलावा यह अन्य कॉलेजों की जरूरतों को भी पूरा करेगा। छात्रों के लिए बनाई दो छात्रावास बिल्डिंग में सभी मॉर्डन सुविधाओं का ध्यान रखा गया है जिसमें 1000 यूनिट के सोलर पैनल, डिसेबल्ड छात्रों के लिए अलग से वॉशरूम, लिफ्ट आदि चीजें शामिल हैं। जीसीसीबीए में अन्य कॉलेजों के मुकाबले लड़के और लड़कियों के छात्रावास की बिल्डिंग को साथ-साथ बनाया गया है। चार मंजिला बनी दो बिल्डिंग में लड़कों की 129 और लड़कियों की 127 सीटें हैं।
नए कानून के लागू होने के बाद पुलिस में आईटी की महत्वता काफी ज्यादा बढ़ गई है। इसको देखते हुए चंडीगढ़ पुलिस ने 142 आईटी कांस्टेबल्स की भर्ती कुछ महीने पहले शुरू की थी। अब भर्ती प्रक्रिया लगभग अपने आखिरी दौर में आ चुकी है। 4 अगस्त को जब केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह चंडीगढ़ पहुंचेंगे तो उनके हाथों से आईटी कांस्टेबल्स को नियुक्ति पत्र सौंपे जा सकते हैं। प्रशासन की तरफ से इस संबंध में निर्देश जारी किए गए हैं।