गुरदासपुर जिले में भी उज्ज दरिया में उफान के कारण स्थिति बिगड़ गई है। मकौड़ा पत्तन में जलस्तर बढ़ने से दरिया में नाव चलनी बंद हो गई है। इससे दरिया पार पाकिस्तान सीमा से सटे गांव तूर, चेबे, भरियाल, लासियन, मम्मी चकरंगा, कजले और झूमर का संपर्क पंजाब से कट गया है। डीसी हिमांशु अग्रवाल ने डेरा बाबा नानक सब डिवीजन और मकौड़ा पत्तन से पार के स्कूलों में छुट्टियां घोषित कर दी हैं।
पटियाला के निचले इलाकों में घरों में घुसा पानी
पटियाला शहर व इसके आसपास के इलाकों में बुधवार सुबह से हो रही बारिश से एक बार फिर से बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं। शहर के प्रमुख चौक-चौराहों, बाजारों और गली-मोहल्लों में जलभराव हो गया है। राघोमाजरा, अनारदाना चौक, आर्य समाज चौक, त्रिपड़ी, गुरुनानक नगर, बाबा दीप सिंह नगर में लोगों के घरों में पानी घुस गया है। हालात को देखते हुए जिला प्रशासन ने डकाला चुंगी के पास शीशमहल के पीछे जैकेब ड्रेन के फ्लड गेट खुलवाए गए हैं। डीसी साक्षी साहनी ने बताया कि स्थिति पर पूरी नजर रखी जा रही है।
पंजाब में अगले चार दिन ज्यादातर जिलों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के मुताबिक अगले चार दिन पंजाब के ज्यादातर जिलों में तेज बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। पठानकोट में रावी के किनारे रहने वाले लोगों को अलर्ट रहने को कहा गया है। गुरदासपुर में जिला प्रशासन के नियंत्रण कक्ष स्थापित कर टोल फ्री नंबर 1800-180-1852 जारी किया है।
लुधियाना-चंडीगढ़ रेल मार्ग बहाल
उधर, साहनेवाल-चंडीगढ़ रेल सेक्शन में जलभराव की वजह से रद्द ट्रेनें वापस पटरी पर लौट आई हैं। रेलवे ने पटरी की मरम्मत के बाद लुधियाना-चंडीगढ़ रेल मार्ग को बहाल कर दिया है। लुधियाना से चंडीगढ़ के बीच बंद ट्रेनों के शुरू होने से यात्रियों ने राहत महसूस की है। गौरतलब है कि इस रूट पर रोजाना हजारों की संख्या में लोग यात्रा करते हैं। लुधियाना के स्टेशन अधीक्षक अमरीक सिंह ने बताया कि रद्द ट्रेनों को चरणबद्ध तरीके से चलाया जा रहा है।