हाकी इंडिया लीग में वीरवार को खेले गए लीग मैच में यूपी विजर्ड ने पंजाब वारियर्स को 3-0 से हरा दिया। यह मुकाबला सेक्टर 42 स्थित हाकी स्टेडियम में खेला गया।
इस मैच में पंजाब वारियर्स के कप्तान जैक वेटन थे जबकि सरदार सिंह सदस्य के रूप में खेले। मैच के पहले और दूसरे क्वार्टर में कोई भी टीम गोल करने में नाकाम रही।
हालांकि दोनों टीमों को एक-एक पेनल्टी कार्नर मिला था। तीसरे क्वार्टर के 43 वें मिनट में यूपी विजर्ड के आकाशदीप ने फील्ड गोल कर दिया। फील्ड गोल के कारण यीपी विजर्ड को दो गोल मिले। इससे यूपी विजर्ड को 2-0 से बढ़त मिल गई। इससे पहले 34 वें मिनट में पंजाब वारियर्स को पेनल्टी कार्नर मिला था लेकिन वह इसका फायदा नही उठा सके।
मैच के चौथे क्वार्टर में पंजाब वारियर्स को 54 और 56 वें मिनट में मिले दोनों पेनल्टी कार्नर को टीम के खिलाड़ी गोल में तबदील नहीं कर पाए। मैच के अंतिम क्षणों में यूपी को पेनल्टी कार्नर मिला। जिसे टीम के गोंजालो ने गोल में बदल दिया।
इस तरह मैच में यूपी विजर्ड ने पंजाब वारियर्स को 3-0 से शिकस्त दी। इस जीत के साथ यूपी लीग में खेले गए छह में से तीन मैच जीत चुकी हैं।