चंडीगढ़। भारतीय हॉकी के 100 गौरवशाली वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में हॉकी चंडीगढ़ की ओर से 7 नवंबर को सेक्टर-42 के हॉकी स्टेडियम में भारतीय हॉकी शताब्दी समारोह का आयोजन किया जाएगा।
इस ऐतिहासिक मौके पर पंजाब के राज्यपाल और चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया मुख्य अतिथि होंगे। यूटी चंडीगढ़ के मुख्य सचिव एच राजेश प्रसाद विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।
हॉकी चंडीगढ़ के अध्यक्ष करन गिल्होत्रा ने कहा कि हॉकी भारत की गौरवशाली धरोहर है। 1925 में राष्ट्रीय हॉकी संस्था के गठन से शुरू हुई यह यात्रा अब 100 वर्ष पूरे कर रही है। यह हमारे लिए गर्व का क्षण है कि चंडीगढ़ इस ऐतिहासिक समारोह की मेजबानी कर रहा है। हमारा उद्देश्य नई पीढ़ी को भारतीय हॉकी की स्वर्णिम विरासत से जोड़ना है।
उपाध्यक्ष अनिल वोहरा ने बताया कि समारोह की शुरुआत सुबह 10 बजे होगी। जिसमें तीन प्रदर्शनी मैच खेले जाएंगे। इनमें लड़कों के जूनियर और सीनियर वर्ग के मुकाबले और लड़कियों का एक विशेष मैच होगा। इस मौके पर ओलिंपियन दीपक ठाकुर, राजपाल सिंह, बलजीत सिंह और गुरजंट सिंह और भारत की मौजूदा टीम के कप्तान संजय, मनिंदर सिंह और विक्रमजीत सिंह के साथ जूनियर टीम के कप्तान रोहित भी मौजूद रहेंगे।