रविवार को सेक्टर 31-32 के चौक पर सेंट ऐन्स स्कूल की बस ने एक बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार होटल मैनेजमेंट के छात्र की मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी बस ड्राइवर को गिरफ्तार कर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार हादसा शनिवार सुबह करीब 11:30 बजे हुआ। सेक्टर-41 निवासी सुखविंदर सिंह (18) अपने मोटरसाइकिल पर मार्केट से घर लौट रहा था। जैसे ही वह 31-32 के चौक पर पहुंचा तो स्कूल बस ने उसे पीछे से टक्कर मार दी। रास्ते से गुजर रहे प्रदीप कुमार ने हादसे की खबर 100 नंबर पर दी। मौके पर पहुंचे पीसीआर कर्मी घायल को जीएमसीएच-32 ले गए। पुलिस ने बताया कि हादसे में युवक की दोनों टांगें टूट गईं थीं और काफी अंदरूनी चोटें आईं थीं।
सुखविंदर के परिजन उसे मोहाली के एक प्राइवेट अस्पताल में ले गए थे, जहां पर इलाज के दौरान शाम को उसकी मौत हो गई। सुखविंदर सेक्टर-34 के निजी संस्थान से होटल मैनेजमेंट की पढ़ाई कर रहा था। पुलिस ने स्कूल बस चालक पर लापरवाही से बस चलाने का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान पंचकूला सेक्टर-4 निवासी सुखविंदर सिंह के रूप में हुई है। बाद में आरोपी को जमानत पर रिहा कर दिया। प्रदीप कुमार का एक भाई है और उसके पिता एजी पंजाब ऑफिस में सीनियर अकाउंटेंट के पद पर तैनात हैं।