हरियाणा का सिटी-ऑफ-स्टील हिसार अब अति-आधुनिक वैश्विक मानक समेकित विमानन हब बनने जा रहा है। हरियाणा राज्य औद्योगिक संरचना विकास निगम (एचएसआईआईडीसी) ने इस हब को हिसार में स्थापित करने के लिए योजना बनाई है।
इसमें विमानों की मरम्मत और ओवरहॉलिंग सुविधा (एमआरओ), फिक्स्ड बेस ऑपरेशन (एफबीओ) और एयरो स्पेस पार्क होगा।
सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि इस महत्वाकांक्षी योजना को मूर्त रूप देने के लिए नागरिक उड्डयन विभाग की ओर से जल्द ही विमानन क्षेत्र से जुड़े लोगों से सुझाव आमंत्रित किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि यह हब वर्ष 2022 तक संचालित हो पाएगा। परियोजना की विस्तृत जानकारी देते हुए प्रवक्ता ने बताया कि एमआरओ सुविधा में एयरफ्रेम, इंजन और पुर्जों की सुविधा होगी, जबकि एफबीओ में पार्किंग व ट्रांजिट सुविधाएं, ईंधन और फ्लाइट योजनाएं, विश्राम गृह और पॉयलट और क्रू-सदस्यों के लिए आंनदप्रद सुविधाएं, आवास, उद्योग केन्द्र और सम्मेलन सुविधाएं, चार्टर फ्लाईट ऑप्रेशन और एयर टैक्सी सेवाएं होंगी। इस एयरोस्पेस पार्क से एयरोस्पेस और सुरक्षा क्षेत्र के लिए पुर्जों का निर्माण होगा।