सांप्रदायिक सद्भाव और प्रेम की एक मिसाल पंजाब और हरियाणा की राजधानी चंडीगढ़ में देखने को मिली। यहां सावन के पहले सोमवार को सेक्टर-32डी स्थित सनातन धर्म मंदिर परिसर में प्रसाद के रूप में तुलसी के पौधों को बांटा गया।
तुलसी वितरण कार्यक्रम में धार्मिक एकता की मिसाल पेश करते हुए मुस्लिम भाइयों ने अपने हाथों से तुलसी के पौधे लोगों को दिए। लोग यह नजारा देख काफी प्रभावित हुए और इस पहल की सराहना की।
नॉमिनेटिड पार्षद खुर्शीद अली ने मंदिर आए लोगों को तुलसी के पौधे बांटे। इस दौरान उन्होंने सभी रीति-रिवाजों का खास ध्यान रखा। कार्यक्रम के आयोजक देवी सिंह, राज चड्ढा, राजेंद्र सिंह और पारस गोयल ने बताया कि धर्म कोई भी हो, पूजा भक्ति का तरीका कुछ भी हो सकता है। यह सभी तरीके भगवान से जुड़ने के रास्ते हैं। हमें आपसी भाईचारे को बढ़ाते हुए देश में भाईचारा फैलाना है और अपने देश को विश्व शक्ति बनाना है।
गौरतलब है कि पार्षद खुर्शीद अली ने इससे पहले शहर के मेयर को श्री रामचरित मानस की प्रति भी भेंट की थी। हाजी खुर्शीद ने इस दौरान एक सर्वधर्म सम्मेलन कराने की भी इच्छा जाहिर की, जिसमें वह विदेशों से भी विद्वानों को बुलाना चाहते हैं।
इस मौके पर मंदिर के प्रधान अश्वनी खन्ना और जनरल सेक्रेटरी डॉ. केवल गोयल, सदस्य अशोक भूमिया, विजय बाली, अनामिका वालिया, बबीता, आकांक्षा शर्मा, भावना चड्डा, महिंदर कौर कटारिया और पर्यावरण प्रेमी राहुल महाजन भी मौजूद रहे।