खली के एकेडमी में पहुंची हिमाचल प्रदेश के सीएम और खेल मंत्री
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और कैबिनेट मंत्री गोविंद सिंह ने द ग्रेट खली को मंडी में रेसलिंग अकादमी खोलने का न्योता दिया। इस पर खली बोले कि मंडी दूसरे नंबर पर है, पहले मैं शिमला या सोलन में अकादमी खोलूंगा। इसके लिए मेरी तैयारी चल रही है। हिमाचल के खेल मंत्री ने तत्काल खली के लिए सारे दरवाजे खोलते हुए कहा कि सरकार उनकी हर तरह की सहायता के लिए तैयार है।
दोनों नेता रविवार को जालंधर में आयोजित शहीद परिवार फंड समारोह में हिस्सा लेने के लिए खास तौर पर आए थे। इसके बाद वह कंगनीवाल स्थित खली की एकेडमी में गए। वहां पर द ग्रेट खली ने हिमाचल के सीएम जयराम ठाकुर को किरपाण व दोशाला पहनाकर सम्मानित किया। इस दौरान ठाकुर ने कहा कि खली हमारे हिमाचल के हैं। उनकी अकादमी देखने का काफी दिल कर रहा था।
उन्होंने न्योता भी दे रखा था, जो अकादमी में चला आया। जयराम ठाकुर चंद मिनट ही अकादमी में रुके और यह कहकर चले गए कि दोबारा आने का मन करता रहेगा, जरूर खली को मिलने के लिए आ जाऊंगा। उन्होंने कहा कि मुझे हेलिकाप्टर के जरिये जाना है और समय भी हो चुका है, वर्ना मुझे सड़क मार्ग से शिमला जाना पड़ेगा। इसलिए वे जल्दबाजी में निकल गए।