केंद्र सरकार अभी मान रही है वे सर्वोपरि हैं, जो वे कह रहे हैं, वही सही है। वह यह नहीं जानते कि राहुल गांधी कह चुके हैं कि उन्हें प्रधानमंत्री पद की लालसा नहीं है। राहुल गांधी को ही क्यों निशाने पर लिया जा रहा है, के सवाल पर सुक्खू ने कहा कि क्योंकि राहुल गांधी संसद से लेकर सड़क तक सरकार से सवाल करते हैं, इसलिए उनके खिलाफ इस प्रकार के षडयंत्र रचे जा रहे हैं।
सुक्खू ने कहा कि कर्नाटक में राहुल गांधी ने भाषण दिया लेकिन सरकार की खराब मंशा के कारण गुजरात में केस दर्ज किया गया। उन्होंने राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा को लेकर कहा कि ऐसी क्या बात थी कि एक प्रधानमंत्री के बेटे कन्याकुमारी से कश्मीर तक पैदल चले। इसमें लोगों का इतना समर्थन मिला कि केंद्र सरकार डर गई। इसी भय के कारण वह ऐसे फैसले करा रही है। सुक्खू का मानना है कि कांग्रेस देश की सबसे बड़ी विपक्षी पार्टी है। हरियाणा, कर्नाटक व पंजाब समेत अन्य राज्यों में कांग्रेस विपक्ष में बैठकर जनता के हितों की लड़ाई लड़ रही है।