चंडीगढ़। सेक्टर-51/54 के पास वीरवार सुबह सड़क हादसे में 23 साल के गौरव की मौत हो गई। गौरव बाइक पर पीछे बैठा था और उसने हेलमेट नहीं पहना था जबकि बाइक चला रहा उसका साथी बलविंदर सिंह हेलमेट की वजह से बाल-बाल बच गया। पुलिस ने बाइक चालक बलविंदर सिंह उर्फ बिल्ला के खिलाफ मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया। हालांकि, बाद में उसे जमानत पर रिहा कर दिया गया।
दिल्ली निवासी बलविंदर और उसका दोस्त गौरव सुबह बाइक से रोपड़ अपने रिश्तेदार के घर दशहरा देखने जा रहे थे। करीब छह बजे जैसे ही वे सेक्टर-51/54 की सड़क पर पहुंचे, बलविंदर रास्ता पता करने के लिए मोबाइल पर लोकेशन देखने लगा। इसी दौरान बाइक से उसका नियंत्रण हट गया और तेज रफ्तार बाइक डिवाइडर से जा टकराई।
टक्कर लगते ही दोनों सड़क पर गिर पड़े। गौरव का सिर सीधे सड़क से टकराया और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं, हेलमेट पहने होने के कारण बलविंदर को केवल मामूली चोटें आईं। राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और दोनों को अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने गौरव को मृत घोषित कर दिया। पुलिस जांच में पता चला कि गौरव ने हेलमेट नहीं पहना था। हादसे के बाद सेक्टर-39 थाना पुलिस ने होमगार्ड जवान रमनदीप की शिकायत पर बाइक चालक बलविंदर के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज किया।