रोहतक के बहुचर्चित अपना घर मामले में पंचकूला की विशेष सीबीआई अदालत में सुनवाई हुई। मुख्य आरोपी जसवंती देवी सहित सभी आरोपी कोर्ट में पेश हुए। मंगलवार को एक गवाह के बयान दर्ज किए गए। इस मामले में अब तक कुल 89 गवाहों के बयान दर्ज हो चुके हैं।
बचाव पक्ष के वकील एसपीएस परमार ने बताया कि सुनवाई में सुरेंदर ढाका नाम के एक गवाह के बयान दर्ज हुए। गवाह ने अपना घर संस्था से बच्चा गोद लिया था। मामले की अगली सुनवाई 15 फरवरी को होगी। गौरतलब है कि 8 मई 2012 को अपना घर के नाम से चल रहे अनाथालय में राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग की टीम ने छापा मारा था।
यह कार्रवाई यहां से लापता हुई तीन लड़कियों के दिल्ली में पकड़े जाने पर हुई थी। छापे के बाद अपना घर की संचालिका जसवंती व अन्य के खिलाफ, देह व्यापार, शोषण, मारपीट व मानव तस्करी के मामले दर्ज किए गए थे। हरियाणा पुलिस की शुरुआती जांच के बाद जांच सीबीआई को सौंपी गई थी।