कपूरथला की एसिड अटैक पीड़िता का मार्मिक पत्र पढ़ हाईकोर्ट ने संज्ञान लेते हुए सरकार को जारी किया नोटिस। दरअसल कपूरथला के एक निजी अस्पताल में काम करने वाली एसिड अटैक पीड़िता ने पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट को पत्र लिखा है।
पत्र में उसने कहा है कि ...मुझे नहीं लगता अपराधियों को सजा मिलेगी। युवती पर 10 जनवरी, 2010 को तीन लड़कों ने तेजाब डालकर उसे बुरी तरह झुलसा दिया था। तब से आज तक वह इंसाफ का इंतजार कर रही है। हालांकि हाईकोर्ट के एक्टिंग चीफ जस्टिस ने पीड़िता के पत्र पर संज्ञान लिया है। पत्र को जनहित याचिका के तौर पर स्वीकार करते हुए शुक्रवार को जस्टिस एसएस सारों और गुरमीत राम की खंडपीठ ने पंजाब सरकार को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया। याचिका पर अगली सुनवाई पांच जुलाई को होगी।
पत्र के जरिये न्यायिक प्रक्रिया में सुस्ती पर जताई निराशा :
पीड़िता ने पत्र में लिखा है कि वह आज बड़ी मुश्किल से बोल पाती है। हमले के बाद उसका जीवन नरक बन गया। हमले के बाद तीनों युवकों के खिलाफ पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई थी। मामला बीते छह साल से अदालत में लंबित है। उसे नहीं लगता कि कोर्ट में कभी इस मामले का निपटारा हो सकेगा और अपराधियों को सजा मिलेगी।
कहा, दस लाख रुपये लगाई जा रही समझौता करने की कीमत :
पीड़िता ने लिखा है कि बीते छह साल से कोर्ट में उसके केस में तारीखें ही पड़ रही हैं। इस दौरान आरोपी युवकों ने उसे सात लाख रुपये देने का लालच देकर समझौता करने का दबाव भी डाला। आरोपियों में एक युवक 18 साल से कम उम्र का है और जल्द ही विदेश जाने वाला है।