एयरटेल कंपनी के जीएम की 12 मार्च 2009 को गोली मार कर हत्या के मामले में पुलिए के अनट्रेस रिपोर्ट दाखिल करने और केस सुलझा पाने में असमर्थता जताने के बाद हाईकोर्ट ने अब इस मामले में जांच की जिम्मेदारी सीबीआई को सौंप दी है। याचिका दाखिल करते हुए मृतक के पिता पूर्व कर्नल एसके वत्स ने हाईकोर्ट से इस मामले में पारदर्शी जांच सुनिश्चित करने का निर्देश जारी करने की अपील की थी।
साथ ही पंजाब पुलिस के जांच मे ढुलमुल रवैया के चलते जांच को सीबीआई को सौंपने की मांग की थी। याची ने बताया कि पंचकूला निवासी उसका बेटा समीर वत्स ड्यूटी के लिए मोहाली गया था। वहां पर किसी व्यक्ति ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस मामले में 2009 से पुलिस की जांच जारी है लेकिन अभी तक कोई सुराग हाथ नहीं लगा।
याचिका पर हाईकोर्ट ने पिछली सुनवाई पर मोहाली के एसएसपी से पूछा था कि क्या इस मामले को वह सुलझा पाएंगे और यदि हां तो कितने समय में। एसएसपी की ओर से बताया गया कि बेहद मेहनत के बाद भी इस मामले में कोई सुराग हाथ नहीं लगा है। मोहाली पुलिस ने इस मामले में अनट्रेस रिपोर्ट दाखिल करने की तैयारी कर ली है। इस पर याची पक्ष ने कहा कि इस मामले की जांच सीबीआई को सौंपी जाए। पंजाब सरकार की ओर से इस पर कोई आपत्ति न होने के चलते हाईकोर्ट ने इस मामले की जांच सीबीआई को सौंपने का आदेश दिया है। पंजाब पुलिस को केस से जुड़ा रिकॉर्ड सीबीआई को सौंपने का आदेश दिया है।