एचकेआरएन ने 3,915 टीजीटी और 418 पीजीटी उम्मीदवारों को नियुक्त किया है। इसके अलावा हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (एचएसएससी) और हरियाणा लोक सेवा आयोग (एचपीएससी) को भी भर्ती प्रक्रिया जल्द पूरी करने के लिए दोबारा पत्र भेजा गया है। इसके लिए चयन प्रक्रिया चल रही है।
कोर्ट को यह भी बताया गया कि राज्य में प्राथमिक शिक्षकों (पीआरटी) के कुल 44,284 स्वीकृत पद हैं। छात्र संख्या के अनुसार 35,638 पीआरटी की आवश्यक हैं। वर्तमान में 35,485 पीआरटी कार्यरत हैं। शेष हरियाणा कैडर में 896 पीआरटी अधिक हैं और मेवात कैडर में 1049 पद खाली हैं।
इसके अलावा 8240 कक्षाओं में से 415 का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। 879 का निर्माण कार्य जारी है जो दिसंबर 2024 तक पूरा कर लिया जाएगा। 1372 कक्षाओं का निर्माण दिसंबर 2025 तक पूरा हो जाएगा। पीने के पानी, शौचालय और बिजली के कनेक्शन की सुविधा सभी स्कूलों में उपलब्ध करवा दी गई है।
स्कूलों में मूल सुविधाओं की कमी पर हाईकोर्ट ने मांगा था जवाब
कैथल जिले के बालू गांव के स्कूली विद्यार्थियों ने एडवोकेट प्रदीप रापड़िया के माध्यम से याचिका दाखिल कर स्कूलों में मूलभूत सुविधाओं की कमी को उठाया था। हाईकोर्ट के नोटिस के जवाब में शिक्षा विभाग ने जो हलफनामा दिया उससे चौंकाने वाले आंकड़े सामने आए थे। इसके अनुसार 131 सरकारी स्कूलों में पीने के पानी की सुविधा नहीं थी। 236 स्कूलों में बिजली कनेक्शन नहीं था। 538 स्कूलों में लड़कियों का शौचालय नहीं था और 1047 स्कूलों में लड़कों का शौचालय नहीं था। इसके अलावा विद्यार्थियों के लिए 8240 कक्षाओं की जरूरत बताई गई थी।