फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पठानकोट आतंकी हमले के बाद हरियाणा में भी हाई अलर्ट

Sat, 02 Jan 2016 08:50 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, चंडीगढ़
विज्ञापन
विज्ञापन
पठानकोट में शनिवार सुबह हुए आतंकवादी हमले के मद्देनजर पूरे हरियाणा में भी हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। प्रदेश के सभी शहरों में भीड़भाड़ वाले और प्रमुख स्थलों, बस स्टैंड व रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा के कड़े प्रबंध कर दिए हैं। इन जगहों पर विशेष तलाशी अभियान चलाया शुरू किया गया है और राज्य में बसों व ट्रेनों की तलाशी ली जा रही है।
विज्ञापन


राज्य के पुलिस महानिदेशक यशपाल सिंघल ने शनिवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों, रेंज के पुलिस महानिरीक्षकों और पुलिस आयुक्तों को रक्षा प्रतिष्ठानों जैसे संवेदनशील स्थलों की सुरक्षा बढ़ाने के आदेश दिए।

पुलिस महानिदेशक कहा है कि प्रदेश की सुरक्षा एजेंसियां पिछले कुछ समय से केंद्रीय खुफिया एजेंसियों के संपर्क में है और इन घटनाओं को देखते हुए प्रदेश की सुरक्षा एजेंसियों को पहले से ही अलर्ट जारी कर दिया गया था। उन्होंने कहा कि प्रदेश पुलिस बल ऐसी घटनाओं के लिए पूरी तरह से तैयार है। इस बीच प्रदेश के विभिन्न जिलों में जगह-जगह नाकाबंदी करके चेकिंग की जा रही है।
विज्ञापन


पंचायत चुनाव के लिए भी विशेष तैयारी
पुलिस महानिदेशक सिंघल के अनुसार, प्रदेश में पंचायत चुनाव शांतिपूर्वक हों, इसके लिए पुलिस बल पूरी तरह से तैयार हैं। प्रदेश भर में दंगा रहित यंत्र, आंसू गैस यंत्र, वाटर कैनन, वज्र और एम्बुलेंस को उपयुक्त स्थानों पर तैनात किया जा रहा है। इसके अलावा, मतदान के दिन से पहले फ्लैग मार्च भी किए जाएंगे।

वरिष्ठ अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि मतदान से पहले, मतदान के दिन और मतदान के बाद मतगणना तक पूरी तरह से निगरानी रखी जाए। उन्होंने कहा कि पुलिस बल पंचायत चुनावों को निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से चुनाव करवाने के लिए कृतसंकल्प हैं।

सीएम खट्टर ने की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा
हरियाणा में अंबाला, पानीपत, हिसार, सिरसा, एनसीआर के जिलों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने के साथ ही राज्य में स्थित अंबाला व हिसार सैन्य छावनियों की सुरक्षा भी बेहद सख्त कर दी गई है। शनिवार को मुख्यमंत्री और उच्च अधिकारियों ने बैठक कर स्थिति की समीक्षा भी की है। राज्य पुलिस ने स्वॉट टीमों का गठन कर दिया है और अब जिलों में भी ऐसी टीमें गठित की जा रही हैं।

अलर्ट के दावे, आरडीएक्स का केस अब तक नहीं सुलझा
देश या पड़ोसी राज्यों में किसी भी बड़ी वारदात के बाद हरियाणा में हाई अलर्ट तो घोषित कर दिया जाता है लेकिन प्रदेश की पुलिस कितनी अलर्ट है, इस बात का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि 12 अक्तूबर, 2011 में अंबाला रेलवे स्टेशन की पार्किंग में एक कार से बरामद हुए 5 किलो 65 ग्राम आरडीएक्स के मामले में आज तक पुलिस सुराग ही तलाश रही है।

प्रारंभिक जानकारी में यह बात सामने आई थी कि यह आरडीएक्स राजधानी दिल्ली को दहलाने के लिए लाया गया था और हरियाणा के रास्ते इसे दिल्ली ले जाया जाना था। तब से आज तक हरियाणा पुलिस, दिल्ली पुलिस और देश की प्रमुख सुरक्षा एजेंसियों यह पता नहीं लगा सके कि इतना विस्फोटक कौन लेकर आया और अंबाला से इस खेप को आगे किसने रिसीव करना था। सुरक्षा एजेंसियों को टोल प्लाजा से कार लेकर आने वाले की फुटेज मिली थी, लेकिन वह धुंधली होने कारण जांच आगे नहीं बढ़ सकी।

प्रदेश के सभी जिलों और कमिश्नरी के आला पुलिस अधिकारियों से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं। स्वैट टीमें भी गठित करने के निर्देश दिए हैं। सभी जिलों में संवेदनशील इलाकों में सतर्कता बढ़ा दी है, ताकि विपरीत हालात से आसानी से निपटा जा सके। सभी सीमाओं पर चौकसी बढ़ाने के साथ साथ विजिलेंस को भी सतर्क कर दिया गया है। सेना के साथ भी राज्य की पुलिस तालमेल स्थापित कर हालात पर नजर रखे हुए है।
विज्ञापन

-यशपाल सिंघल, महानिदेशक, हरियाणा पुलिस
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें