जिले की पुलिस ने सीमा पार से हेरोइन और हथियार तस्करी के मामले में वांछित पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि आरोपियों को जिले में स्थित एक धार्मिक स्थल से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने यह भी दावा किया है कि पांचों आरोपियों के तार पाकिस्तान के तस्करों से जुड़े हैं ।
पुलिस अधीक्षक गुरप्रीत सिंह तूर ने सोमवार को बताया कि सीआईए स्टाफ के इंचार्ज रजिन्द्र कुमार को सूचना मिली थी कि कुछ तस्कर गांव पकीवां में एक धार्मिक स्थान पर छुपे हैैं। वे पाकिस्तान से हेरोइन व अवैध हथियार मंगाने के मामले में आरोपी रह चुके हैं।
आरोपियों की पहचान परमजीत सिह उर्फ भिन्दा निवासी गांव शहूर, लखबीर सिंह उर्फ लख्खा निवासी मीर कचाना, मोहनी मसीह निवासी शहूर कलां तथा मलकियत सिंह निवासी मीर कचाना के रूप में हुई है। पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपियों के पास पाकिस्तान के सिम कार्ड भी हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस ने धार्मिक स्थान पर छापामारी की। वहां से उक्त आरोपियों को काबू किया गया। मौके पर तलाशी लेने पर आरोपियों से एक पाकिस्तान में बनी पिस्तौल सहित एक मोबाइल फोन भी मिला, जिसमें पाकिस्तान का सिम है।
जांच में पाया गया कि मोबाइल के जरिए वे पाकिस्तानी तस्करों से संपर्क में थे। उनकी निशानदेही पर आरोपियों के एक अन्य साथी हरजीत सिंह निवासी शहूर कलां को नबीपुर बाईपास से गिरफ्तार किया गया।