इसी लकड़ी में बरामद हुई हेरोइन
- फोटो : अमर उजाला
सरहद पर तस्कर हेरोइन तस्करी के नये-नये तरीके अजमाने में लगे हैं। रविवार को पाक तस्करों ने शीशम की लकड़ी में छेदकर उसमें हेरोइन भर कर भारतीय सीमा में फेंक दी, ताकि तस्कर उठाकर ले जा सके। बीएसएफ ने फेंसिंग के पास पड़ी एक लकड़ी को उठाया और शक होने पर उसे तोड़कर देखा तो उसके बीच में हेरोइन भरी थी। यह घटना फिरोजपुर सेक्टर की बीओपी कस्सोके पास घटी।
बीएसएफ की बटालियन-136 के जवान रूटीन की तरह सरहद पर लगी फेंसिंग के साथ-साथ गश्त कर रहे थे। इस दौरान उन्हें फेंसिंग के पास घास-फूस में एक शीशम की लकड़ी पड़ी नजर आई, जो थोड़ी मोटी थी। जवानों ने शक होने पर लकड़ी को उठाकर देखा तो उसमें एक होल नजर आया। जवानों ने लकड़ी को बीच से चीर दिया।
लकड़ी में हेरोइन भरी थी। जवानों ने इस संबंधी तुरंत वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित किया। हेरोइन का वजन एक किलो 680 ग्राम था। बीएसएफ अधिकारियों का कहना है कि तस्कर सरहद पर हेरोइन तस्करी के नये-नये तरीके अजमाने में लगे हैं। तस्कर जितने भी तरीके अपनाए, बीएसएफ उन्हें नाकाम कर देगी।