नरेंद्र मोदी के पक्ष में लोक लहर बनाने के लिए भाजपा के समानांतर ही ‘टीम मोदी’ को सक्रिय किया गया है। यह संगठन नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाने की मुहिम से आम लोगों को जोड़ेगा।
टीम के नेताओं सुरिंदर चौहान और गुरतेज पन्नू ने दावा किया कि चंडीगढ़ में एक महीने के दौरान दस हजार लोगों को जोड़ा जा चुका है। चौहान सीधे तौर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े हैं।
हालांकि उन्होंने दावा किया कि ‘टीम मोदी’ गैर सियासी प्लेटफार्म है। इसका संघ या भाजपा से कोई लेना-देना नहीं है। ये पूरी तरह गैर राजनीतिक युवाओं की टीम है जो नरेंद्र मोदी की उपलब्धियों से उत्साहित होकर उन्हें देश की बागडोर सौंपना चाहते हैं।
दोनों नेताओं ने कहा कि ‘टीम मोदी’ के मार्फत मोदी की उपलब्धियों और संदेश को ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि भाजपा ने भी हेल्पलाइन शुरू की थी, लेकिन पार्टी लोगों को जागरूक नहीं कर सकी। इसे देखते हुए ‘टीम मोदी’ ने अपना हेल्पलाइन नंबर 85913-89690 जारी किया है। इसमें मोदी का समर्थन करने वाले लोग संपर्क कर सकेंगे।