चंडीगढ़। पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ के कार्यक्रम को लेकर अधिवक्ता विवेक गुप्ता द्वारा दायर याचिका पर वीरवार को फिर से सुनवाई हुई। इस मामले में दो दिन पहले ही कोर्ट ने याचिका दाखिल होने पर डीसी चंडीगढ़ को नोटिस जारी कर कार्यक्रम के प्रबंधों को लेकर जवाब देना था। लेकिन वीरवार को कोर्ट में प्रशासन या डीसी की ओर से कोई पेश नहीं हुआ और न ही कोई जवाब दाखिल किया गया। इस मामले में आज फिर से सुनवाई होगी और अगर आज भी जवाब नहीं आता तो याचिकाकर्ता कार्यक्रम पर स्टे लगाने की मांग करेगा।
दरअसल, कुछ दिन पहले ही इसी मेला ग्राउंड में पंजाबी गायक करण औजला का कार्यक्रम हुआ था, जिसमें 15 हजार लोगों की टिकट बुक होने का दावा किया गया था। लेकिन कार्यक्रम देखने के लिए 25 से 30 हजार लोगों की भीड़ जुट गई थी। इस दौरान कार्यक्रम में काफी अव्यवस्थाएं देखने को मिली थीं और सड़कों पर लंबा जाम भी लगा था। इस जाम में चंडीगढ़ निवासी पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के अधिवक्ता विवेक गुप्ता भी फंस गए थे और काफी देर तक ट्रैफिक के बीच फंसे रहे। इसी के चलते उन्होंने अब शनिवार को होने वाले कार्यक्रम को लेकर प्रशासन के खिलाफ जिला कोर्ट में याचिका दायर की है। इसमें इन्होंने कोर्ट के जरिए कार्यक्रम के प्रबंधन को लेकर प्रशासन से जवाब मांगा है। कोर्ट ने याचिका दायर होने पर डीसी को जवाब देने के लिए नोटिस जारी किया गया था। वीरवार को सुनवाई में कोई जवाब नहीं आया, जिसके चलते मामले में आज फिर से सुनवाई होगी। याचिकाकर्ता अधिवक्ता ने कहा कि प्रशासन ने कोई जवाब नहीं दिया है। अगर आज भी प्रबंधों को लेकर कोई जवाब नहीं दिया जाता तो वह कोर्ट से कार्यक्रम पर स्टे लगाने के लिए आवेदन करेंगे।