चंडीगढ़। एकांतवास में रह रहे कोरोना के मरीजों के आराम की आदत परेशानी का सबब बनती जा रही है। एकांतवास में घंटों मोबाइल और टीवी देखने से उनकी आंखों में परेशानी बढ़ रही है। स्पांडलाइटिस, घुटने व कमर दर्द और गैस की शिकायत सामने आ रही है। चौंकाने वाली बात यह है कि इसमें ज्यादातर 30 से 40 साल उम्र के लोग शामिल हैं।
ऐसी समस्या को लेकर जीएमएसएच-16 में हेल्पडेस्क पर प्रतिदिन दर्जनों कॉल आ रही हैं। जीएमएसएच-16 के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. वीके नागपाल का कहना है कि एकांतवास में रह रहे मरीजों को इस समय को अपने विश्लेषण के अवसर के रूप में लेना होगा। उन्हें यह बात समझनी होगी कि वह कैसी शारीरिक और मानसिक परेशानियों से गुजर रहे हैं। इस आधार पर उन्हें समाधान उपलब्ध हो पाएगा।
केस- 1
सेक्टर-32 निवासी अतुल (बदला हुआ नाम) कोरोना पॉजिटिव होने के बाद 17 दिनों तक होम आइसोलेशन में रहे। उन्होंने यूट्यूब पर दर्जनों फिल्म देखने के साथ दोस्तों के साथ चैटिंग और इंटरनेट सर्फिंग की। अब अचानक उनकी आंखों और गर्दन में दर्द शुरू हो गया है। पीड़ा इतनी बढ़ गई है कि उन्हें जीएमएसएच-16 में बनाए गए हेल्पडेस्क से मदद लेनी पड़ी।
केस-2
सेक्टर-15 निवासी 35 वर्षीय शिवानी (बदला हुआ नाम) भी 17 दिनों तक एकांतवास में थी। उनके मांसपेशियों में अकड़न शुरू हो गई। स्थिति बिगड़ने पर उन्हें जीएमएसएच-16 में दिखाना पड़ा। डॉक्टरों ने उन्हें आइसोलेशन में भी नियमित तौर पर योग और प्राणायाम करने की सलाह दी। इसके साथ मांसपेशियों को गतिशील बनाए रखने संबंधी व्यायाम भी बताए।
ऐसे बढ़ रही परेशानी
संक्रमित मरीजों में बिना लक्षण और मामूली लक्षण वाले 60 से 70 फीसदी लोग एकांतवास में रह रहे हैं। इनको 10 दिन आइसोलेशन और 7 दिन क्वारंटीन रहना होता है। मतलब 17 दिन के बाद ही घर से बाहर जाना है। ऐसे में खाली समय में मोबाइल, फेसबुक, टीवी और कंप्यूटर पर समय बिता रहे हैं। जिससे उन्हें आंखों से पानी आना, लाल होना, आंखों में दर्द रहना, सिर दर्द की परेशानी शुरू होने लगी है। इसके अलावा घुटने में दर्द, पेट दर्द, गर्दन में दर्द, कंधे में दर्द की शिकायत होने लगी है।
डॉक्टरों की सलाह
- लेटकर पैर चलाएं, बैठकर कंधों को घुमाएं।
- तकिये को हाथ और पैरों से बार-बार दबाएं।
- योग करें, युवा रस्सीकूद कर सकते हैं।
- संक्रमण से ठीक होने के बाद फिजियोथैरेपी कराएं।
- एक बार में मोबाइल-टीवी घंटे-डेढ़ घंटे से ज्यादा न देखें।
- आंखों को ठंडे और ताजे पानी से धोएं।
- लेटकर नहीं बैठकर ही मोबाइल-टीवी देखें।
- वसायुक्त भोजन न करें।
- पानी का सेवन ज्यादा करें।