चंडीगढ़। जीएमसीएच-32 के पब्लिक हेल्थ वर्करों की पिछले चार महीने की रुकी सैलरी 10 जून तक न दी गई तो जीएमसीएच ज्वाइंट एक्शन कमेटी अस्पताल के बाहर धरना-प्रदर्शन करेगी। यह चेतावनी कमेटी के अध्यक्ष सुखबीर सिंह ने दी।
उन्होंने बताया कि वर्करों को पिछले 4 महीने से ठेकेदार वेतन नहीं दे रहा है। इस संबंध में पब्लिक हेल्थ वर्कर और जीएमसीएच ज्वाइंट एक्शन कमेटी पहले भी आला अधिकारियों को जानकारी दे चुकी है, लेकिन सिर्फ आश्वासन ही मिला।
शुक्रवार को इस संबध में चीफ इंजीनियर कम स्पेशल सेक्रेटरी इंजीनियरिंग को एक पत्र भेजा गया है, जिसमें कहा गया है कि अगर 10 जून तक वर्करों की बकाया तनख्वाह नहीं दी जाती तो 10 जून के बाद पब्लिक हेल्थ डिपार्टमेंट के वर्कर काम बंद करने पर मजबूर हो जाएंगे। उन्होंने बताया कि वेतन के मुद्दे को लेकर इससे पहले चंडीगढ़ सब-ऑर्डिनेट सर्विस फेडरेशन (इंटक) भी चंडीगढ़ की सभी यूनियनों के साथ मिलकर अस्पताल में धरना-प्रदर्शन करने की चेतावनी दे चुकी है, लेकिन इंजीनियरिंग डिपार्टमेंट ध्यान नहीं दे रहा है।