सेहतमंत्री सुरजीत ज्याणी ने नई पहल करते हुए मुलाजिम जत्थेबंदियों को अपने मसले बातचीत से सुलझाने को कहा है।
उन्होंने कहा कि धरने-प्रदर्शन से मरीजों को परेशानी होती है। इसलिए मीटिंग कर अपनी मांगें रखें। सेहत विभाग के मुलाजिमों की सभी जायज मांगें मानी जाएंगी।
ज्याणी ने बुधवार को पंजाब हेल्थ सिस्टम कॉरपोरेशन में सेहत विभाग के मुलाजिमों की तमाम जत्थेबंदियों के साथ मीटिंग की। उनकी मांगों पर अधिकारियों को मौके पर ही हिदायतें भी दीं।
ज्याणी ने मुलाजिम जत्थेबंदियों को मांगें रखने के लिए मीटिंग का न्योता दिया था। इसमें सभी जत्थेबंदियों ने अपनी मांगें रखीं। जायज मांगों पर उसी समय आदेश जारी किए गए।
उन्होंने मुलाजिम नेताओं से कहा कि आगे भी किसी भी जायज मांग के संबंध में वे उनसे मिल सकते हैं। हर समस्या का हल निकाला जाएगा। मुलाजिमों ने इसे सकारात्मक कदम बताते हुए कहा कि इसके अच्छे नतीजे निकलेंगे।
मीटिंग एनआरएचएम कर्मचारी यूनियन, पीएचएससी कंप्यूटर्स एसोसिएशन, सबॉर्डिनेट ऑफिसेज क्लेरिकल एसोसिएशन, दर्जा चार कर्मचारी यूनियन, आयुर्वेदिक मेडिकल सर्विसेज एसोसिएशन, नर्सेज आयुर्वेदिक व यूनानी उपवैद्य एसोसिएशन, नर्सेज एसोसिएशन एक्शन कमेटी, कॉन्ट्रेक्टर मल्टीपरपस हेल्थ वर्कर यूनियन, एनआरएचएम यूनियन, एनआरएचएम एमओ एसोसिएशन, भाजपा मेडिकल सेल, एनआरएचएम नर्सेज स्टाफ यूनियन, तालमेल कमेटी पैरा मेडिकल व सेहत कर्मचारी, मल्टीप्रपज हेल्थ वर्कर्स इंप्लाइज यूनियन, ट्रेंड दाई यूनियन समेत कई जत्थेबंदियां शामिल हुईं। मीटिंग में दो एडिशनल सेक्रेटरी और सभी विभागों के डायरेक्टर भी मौजूद थे।