चंडीगढ़वासियों के लिए अगले 10 दिन बेहद जरूरी। स्वास्थ्य विभाग ने इन दिनों में सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। दरअसल, चंडीगढ़ में डेंगू के कन्फर्म मरीजों की संख्या 313 तक पहुंच चुकी है। यह संख्या आगे बढ़ने की संभावना है। मलेरिया विंग के मुताबिक डेंगू का पीक टाइम अब आ चुका है। इसलिए अगले दस दिन काफी अहम हैं।
पिछले दिनों हुई बारिश से कई जगह पानी जमा हो गया था। विभाग मान रहा है कि जमा पानी में एडीज मच्छरों ने अंडे जरूर दिए होंगे। ऐसे में जिन अंडों को नष्ट नहीं किया जा सका है, वे अब तक एडल्ट मच्छर का रूप ले चुके होंगे। ऐसे में खतरा बढ़ गया है।
मलेरिया विंग के असिस्टेंट डायरेक्टर डॉ. अनिल गर्ग के मुताबिक इस समय तापमान भी अनुकूल है। मच्छरों की ब्रीडिंग के लिए 22-34 डिग्री सेल्सियस के बीच तापमान सबसे उपयुक्त माना जाता है। चंडीगढ़ का तापमान भी इस समय 22 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा रहा है। ऐसे में केस बढ़ सकते हैं। अगले दस दिन काफी अहम हैं। लोगों को ज्यादा सतर्क रहने की जरूरत है और उन्हें एहतियात बरतनी चाहिए।
लारवा मिलने पर इस नंबर पर कॉल करें
मलेरिया विंग की ओर से सोमवार को भी उन घरों को नोटिस दिए गए, जहां से लारवा मिला। विंग को इंदिरा कालोनी व बुटेरला में कुछ घरों से लारवा मिले हैं। सभी घरों को नोटिस जारी कर हिदायत दे दी गई है। यदि दोबारा से लारवा मिला तो उनके चालान काटे जाएंगे। यदि डेंगू से संबंधित कोई जानकारी लेनी है तो विभाग के हेल्पलाइन नंबर 9779558282 पर कॉल कर सकते हैं।
स्वाइन फ्लू पर भी नजर
केंद्र सरकार की ओर से स्वाइन फ्लू का अलर्ट जारी होने के बाद रैपिड रिस्पांस टीम की मीटिंग में भी इसके लिए तैयार रहने को कहा गया है। डायरेक्टर हेल्थ सर्विसेस की अगुआई में आयोजित मीटिंग में स्वाइन फ्लू के लिए आइसोलेशन वार्ड, स्वाइन फ्लू की दवा टेमीफ्लू के स्टाक व स्टोरेज को चेक करने के निर्देश दिए गए हैं। अब तक कोई भी पॉजिटिव केस सामने नहीं आया है। फिलहाल कुछ संदिग्ध केस सामने आए हैं और वह सभी पंजाब के हैं।