सेक्टर-26 टिंबर मार्केट में देर रात हुई वारदात, बाइक पर जा रहा था
संवाद न्यूज एजेंसी
चंडीगढ़। रविवार देर रात सेक्टर-26 टिंबर मार्केट में पुलिस लाइन में तैनात हेड कांस्टेबल पर तेजधार हथियार से हमला कर लूट की वारदात सामने आई। आरोपी 1 लाख रुपये नकदी और सोने की चेन लूटकर फरार हो गया। हमले में पीड़ित की नाक बुरी तरह कट गई। सेक्टर 26 थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सेक्टर 26 पुलिस लाइन में रहने वाले अरुण ने बताया कि वे उन्होंने सुबह अपनी मां को लेकर बरवाला स्थित अपने गांव जाना था। रात करीब साढ़े 11 बजे बाइक में पेट्रोल भरवाने के लिए निकले थे। जब वह टिंबर मार्केट के पास पहुंचा तो अंधेरे में एक युवक ने चेहरे पर तेजधार हथियार से हमला कर दिया। पीड़ित बेसुध होकर नीचे गिर गया। पीड़ित का आरोप है कि हमलावर उसके गले से सोने की चेन और जेब से एक लाख की नकदी लेकर फरार हो गया। घायल अरुण ने किसी तरह पुलिस कंट्रोल रूम में सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने उन्हें सेक्टर-16 अस्पताल पहुंचाया जहां से उन्हें पीजीआई रेफर कर दिया गया। पीड़ित ने बताया कि उनकी सेक्टर 26 पुलिस लाइन में पोस्टिंग है। सेक्टर 26 पुलिस लाइन में रहने वाले एक पुलिसकर्मी के बेटे ने उसपर हमला किया। पीड़ित का कहना है कि आरोपी नशे का आदी है।