हरियाणा में एचसीएस के खाली पदों को भरने के लिए सरकार ने एक कदम और आगे बढ़ा दिया है। हरियाणा लोक सेवा आयोग ने 31 मार्च 2019 को आयोजित एचसीएस एग्जीक्यूटिव ब्रांच की प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम मंगलवार देर शाम जारी कर दिया। अब चयनित अभ्यर्थियों को मेन्स परीक्षा में बैठना होगा। परीक्षा की तिथि आयोग की ओर से जल्द ही जारी की जाएगी। इस परीक्षा से संबंधित अनेक मामले पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में लंबित है।
परीक्षा में चयनित अभ्यर्थियों के भविष्य का अंतिम फैसला हाईकोर्ट के आदेश पर भी निर्भर करेगा। सामान्य श्रेणी के 104 पदों के लिए 1251 अभ्यर्थियों को मेन्स परीक्षा के लिए बुलाया गया है। प्रारंभिक परीक्षा में सामान्य श्रेणी की कटऑफ 130.31 गई है। जबकि एससी श्रेणी के 33 पदों के लिए 396 उम्मीदवारों को मेन्स के लिए चुना गया है।
इस श्रेणी की कटऑफ 105.15 रही है। बीसी-ए श्रेणी के 21 पदों के लिए 292 उम्मीदवार चयनित किए गए हैं। इसकी कटऑफ 115.16 रही। बीसी-बी श्रेणी के 8 पदों के लिए 96 उम्मीदवार बुलाए गए हैं, इनकी कटऑफ 129.34 रही है। एक्स सर्विसमैन कोटे में सामान्य श्रेणी के 5 पदों के लिए 60 उम्मीदवार चुने गए हैं, जिनकी कटऑफ 104.82 रही है।
इसी श्रेणी के एससी वर्ग के 1 पद के लिए 12 अभ्यर्थी बुलाए हैं, जिनकी कटऑफ 72.04 रही है। बीसी-ए में 1 पद के लिए 12 उम्मीदवार चुने हैं, उनकी कटऑफ 87.62 रही है। दिव्यांग श्रेणी में 11 पदों के लिए 232 उम्मीदवार बुलाए हैं। जिनकी कटऑफ 98.63 से लेकर 92.25 तक रही।