गोहाना में रिकॉर्ड 105 एमएम बारिश के साथ गन्नौर व खरखौदा में भी झमाझम बारिश हुई। बारिश से सड़कों पर और ग्रामीण क्षेत्र में खेतों में पानी भर गया। सामान्य अस्पताल के शवगृह समेत कई सरकारी व निजी भवनों में पानी भर गया। क्षेत्र के विभिन्न गांवों में जलभराव होने से फसलें डूब गईं।
करनाल: मकान की छत गिरने से पांच वर्षीय बच्ची की मौत, 4 परिजन घायल
तेज बारिश के कारण कैरवाली गांव में एक मकान की छत ढहने से परिवार के पांच सदस्य मलबे में दब गए। इस दर्दनाक हादसे में एक पांच साल की बच्ची आशू ने मौके पर ही दम तोड़ दिया और परिवार के चार सदस्य घायल हो गए। शहर के माडल टाउन स्थित बाल्मीकि बस्ती में पानी घुस गया। एक घर में पानी घुसने के बाद इन्वर्टर बंद करने गया 65 वर्षीय व्यक्ति की करंट लगने से मौत हो गयी।
करनाल में सर्वाधिक और रोहतक में सबसे कम बारिश
प्रदेश में छितराई और असमान बारिश हो रही है। एक जून से 30 जुलाई तक करनाल में सर्वाधिक 440.7 एमएम बारिश हुई है। जबकि रोहतक में महज 107.8 एमएम ही बारिश हुई है। असमान बारिश होने के कारण प्रदेश के 12 जिलों में सामान्य से बहुत कम बारिश हुई है। हालांकि प्रदेश में अब तक 3 फीसदी अधिक बारिश चल रही है।