उधर, लगातार बढ़ती गर्मी से किसानों की चिंता भी बढ़ने लगी है, क्योंकि 15 जून से प्रदेश में धान की बुवाई शुरू हो जाती है और इसके लिए पानी की अधिक मात्रा में जरूरत होती है। अगर बारिश कम रही तो किसानों के सामने धान बिजाई के लिए संकट खड़ा हो सकता है।
एडवाइजरी: लू का खतरा बढ़ा, बरतें एहतियात
हरियाणा सरकार ने राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के माध्यम से एडवाइजरी जारी करते हुए प्रदेश के लोगों को लू व गर्मी से बचाव करने की सलाह दी है। एडवाइजरी में कहा गया है कि गर्मी के मौसम में गर्म हवाओं व बढ़े हुए तापमान से लू लगने का खतरा बढ़ गया है, ऐसे में सभी को सावधानी बरतने की जरूरत है।
खासकर धूप में घूमने वाले लोगों, खिलाड़ियों, बच्चों, बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों को लू लगने का डर ज्यादा रहता है। लू लगने पर उसके इलाज से बेहतर है कि पहले ही सावधानी बरती जाए। गर्मी में हल्के रंग के ढीले सूती कपड़े पहनें, अपना सिर ढककर रखें, कपड़े, हैट अथवा छतरी का उपयोग करें, पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं, ओआरएस, नींबू पानी, छाछ आदि का भी सेवन करें।