वहां अधिकतम तापमान 11.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों तक शीतलहर का प्रकोप जारी रहेगा। पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी जारी है। ऐसे में वहां से आने वाली हवा मैदानों में ठिठुरन बढ़ा रही है। स्वास्थ्य विशेषज्ञ सर्द मौसम में खानपान पर खास ध्यान रखने की सलाह दे रहे हैं। खासतौर पर बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों के खाने का खास ध्यान रखने की सलाह दी गई है। चिकित्सक गर्म पानी पीने की सलाह दे रहे हैं।
इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट
पश्चिमी और दक्षिण-पश्चिमी हरियाणा के जिले सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, जींद, भिवानी और चरखी दादरी के लिए मौसम विभाग ने शीत लहर, भीषण शीत दिवस और घने कोहरे को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। शेष जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
वाहनों की रफ्तार भी थमी, रेल संचालन भी प्रभावित
कोहरे के कारण वाहनों की रफ्तार धीमी रही। साथ ही रेल संचालन भी प्रभावित हुआ। कई ट्रेनें देर से चलीं। फरीदाबाद की ओर से गुजरने वाली ट्रेन मंगला एक्सप्रेस, केरला एक्सप्रेस समेत कई लोकल इंटरसिटी ट्रेनों के परिचालन पर भी प्रभाव पड़ा है। ओल्ड फरीदाबाद रेलवे स्टेशन के अधीक्षक एके गोयल ने बताया कि कोहरे से कई ट्रेन देर से चल रही हैं।
हवा की दिशा लगातार बदल रही है। पश्चिम-दक्षिण, पूर्व-दक्षिण आदि की ओर से चल रही हवा में नमी की मात्रा 88 फीसदी से अधिक है। इस कारण सुबह से दोपहर तक कोहरे का सामना करना पड़ रहा है। - डॉ. मदन खिचड़, विभागाध्यक्ष, कृषि मौसम विज्ञान, हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, हिसार