हरियाणा का बजट सत्र अब 5 मार्च के स्थान पर 9 मार्च से आरंभ होगा। शुक्रवार को पत्रकारों के साथ बातचीत में मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि होली के त्योहार के चलते बजट सत्र की तिथियों में फेरबदल किया गया है।
उन्होंने कहा कि इस बार का बजट गरीबों के हित में और गांवों के विकास से जुड़ा होगा। इस बजट में लोगों को स्वावलंबी बनाने के लिए भी जरूरी फैसले लिए जाएंगे। पहले यह सत्र 5 मार्च से बुलाया गया था, लेकिन 5 मार्च को होली का त्योहार होने के कारण इनेलो ने एतराज जताया था।
शुक्रवार को सरकार ने सत्र की तारीख बदल कर 9 मार्च कर दी। सत्र का शुभारंभ राज्यपाल कप्तान सिंह सोलंकी के अभिभाषण के साथ होगा। इस आशय की घोषणा हरियाणा विधानसभा सचिवालय की ओर से की गई।
इनेलो नेता अभय चौटाला ने वीरवार को विधानसभा सत्र की तारीख पर एतराज जताते हुए कहा था कि होली और दीवाली प्रमुख त्योहार हैं, जिन्हें सभी लोग अपने परिवार और करीबियों के साथ मनाते हैं।
होली के दिन विधानसभा सत्र बुलाए जाने से विधायकों के साथ सरकारी कर्मचारियों-अधिकारियों के लिए भी होली मनाना मुश्किल हो जाएगा।
वीरवार को चंडीगढ़ में हुई विधायक दल की बैठक के बाद उन्होंने जानकारी दी थी कि इनेलो ने विधानसभा सत्र 4 या 9 मार्च से शुरू किए जाने की मांग करते हुए विधानसभा स्पीकर और राज्यपाल को पत्र लिखा है।