हरियाणा सरकार का बजट इस बार ‘सबका साथ-सबका विकास’ पर फोकस होगा। सरकार इस बजट में किसी वर्ग को भी नाखुश नहीं रखना चाहती। लिहाजा उम्मीद है कि इस बजट सत्र में सरकार की ओर से कई तरह की बड़ी घोषणाएं की जा सकती है। बजट का सही योजनाओं में इस्तेमाल हो और अव्यवहारिक योजनाओं को खत्म किया जाए, इसके मद्देनजर भी इस बार बजट तैयार किया जा रहा है।
इस बार हरियाणा के मुख्यमंत्री के पास ही वित्त मंत्रालय का कार्यभार है, इसलिए मनोहर लाल बजट सत्र में बतौर वित्तमंत्री विधानसभा में बजट पेश करेंगे। सीएम चाहते हैं कि इस बजट को ‘सबका साथ-सबका विकास’ के आधार पर ही तैयार किया जाए। इसके लिए खुद मुख्यमंत्री प्रदेश भर के विभिन्न वर्ग के स्टेक होल्डर्स के साथ छह बैठकें कर चुके हैं। जिसमें उनसे प्रदेश सरकार के बजट पर सुझाव लिए गए हैं।
इतना ही नहीं मुख्यमंत्री ने प्रदेश के सभी विभागों के अफसरों को भी निर्देश दिए हैं कि वे भी बजट से पूर्व जरूरी बैठकों का दौर जारी रखें और अपने सुझाव भी बजट पर दें। सीएम मनोहर लाल ने सभी विधायकों से भी आग्रह किया है कि वे भी पहली बार बजट सत्र से पहले प्री बजट की होने वाली बैठक में पूरी तैयारी के साथ आएं और अपने सुझाव दें। ताकि बजट को अंतिम रूप देने से पहले सभी के सुझावों को ध्यान में रखते हुए प्रदेश का बजट तैयार किया जा सके। हालांकि सरकार इस बार सभी वर्गों का तो ध्यान रखेगी, लेकिन कुछ खास सेक्टर जो सीधे जनता से जुड़े हैं, उनसे संबंधित इस बार बड़ी घोषणाओं तैयारी की जा रही है।
अबकी बार सबसे लंबी अवधि का होगा बजट सत्र
इस बार हरियाणा सरकार अपना बजट सत्र प्रदेश के इतिहास का सबसे लंबा बजट सत्र बनाना चाहती है। पड़ोसी हिमाचल प्रदेश का बजट सत्र भी कई दिनों तक चलता है। इसलिए हरियाणा सरकार भी चाहती है कि बजट सत्र कम से कम इतनी लंबी अवधि का जरूर हो कि सभी विधानसभा सदस्यों को अपनी बात कहने का पर्याप्त समय मिले।
हरियाणा विधानसभा के स्पीकर ज्ञानचंद गुप्ता ने भी दावा किया कि इस बार बजट सत्र लंबी अवधि का होगा। उनके अनुसार सभी विधायकों को मुद्दा उठाने के लिए पर्याप्त समय भी मिलेगा। उनके अनुसार 20 फरवरी से विधानसभा का बजट सत्र शुरू होगा। बजट सत्र की कार्रवाई 28 भाषाओं में रिकॉर्ड होगी। मगर इससे पहले 17 से 19 फरवरी तक विधायकों के साथ प्री बजट पर चर्चा भी होगी। जिसमें सभी अपने बजट पर सुझाव देंगे। बजट किस दिन पेश होगा, ये अभी तय किया जाना है।