चंडीगढ़। राष्ट्रीय मास्टर्स एथलेटिक्स चैंपियनशिप में हरियाणा की टीम ने 93 स्वर्ण पदक जीतकर पहला स्थान हासिल किया। वहीं, पंजाब की टीम 29 गोल्ड के साथ पांचवें और चंडीगढ़ की टीम 23 गोल्ड के साथ सातवें स्थान पर रही।
2 फरवरी को पटेल स्टेडियम अजमेर (राजस्थान) में आयोजित इस प्रतियोगिता में देशभर के 22 राज्यों के मास्टर्स महिला और पुरुष वर्ग के करीब 2000 खिलाड़ियों ने भाग लिया। इस में 30 वर्ष से 100 वर्ष तक के खिलाड़ियों ने भाग लिया। हरियाणा के 230 खिलाड़ियों ने इस प्रतियोगिता में भाग लेकर ओवरऑल चैंपियनशिप की ट्राफी पर कब्जा जमाया। हरियाणा की टीम ने 50 रजत और 65 कांस्य पदक जीते।
तेलंगाना ने 66 स्वर्ण पदक के साथ दूसरा स्थान हासिल किया। मणिपुर की टीम ने 60 स्वर्ण पदक के साथ तीसरा स्थान हासिल किया। चंडीगढ़ की टीम ने 23 स्वर्ण पदक जीते जबकि 20 रजत और 11 कांस्य पदक जीते। पंजाब की टीम ने 29 स्वर्ण, 30 रजत और 20 कांस्य पदक हासिल किए।