भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने अपने रिश्तेदारों को टिकट के लिए सक्रिय राव इंद्रजीत सहित सभी सांसदों को दोटूक जवाब देते कहा कि पार्टी का फैसला सर्वमान्य है।
राव सहित तमाम सांसद अपने रिश्तेदारों को टिकट दिलाने में असफल रहे और भाजपा की दूसरी सूची जारी होने के बाद उन्हें निराशा हाथ लगी।
गुड़गांव से सांसद और केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह अपनी बेटी आरती यादव के टिकट के लिए सक्रिय थे, लेकिन उन्हें टिकट नहीं मिल सका। इस पर अमित शाह ने राव इंद्रजीत से कहा कि यह पार्टी का निर्णय है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रमों का इंतजार
हरियाणा की राजनीति से भलीभांति परिचित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रमों का भाजपा को इंतजार है। विदेश दौरों के कारण अभी तक मोदी का कार्यक्रम तय नहीं हो पाया है, लेकिन हरियाणा विधानसभा की वैतरणी भाजपा मोदी के सहारे ही पार करना चाह रही है।
30 सितंबर को मोदी के विदेश दौरे से लौटने के बाद हरियाणा के कार्यक्रम तय किए जाएंगे। टिकट वितरण के बाद भारतीय जनता पार्टी में हो रहे आंतरिक विरोध को शांत करने में भाजपा मोदी के नाम का सहारा लेगी।
पार्टी ने चुनाव से पहले मोदी की प्रत्येक लोकसभा क्षेत्र में एक रैली रखने का कार्यक्रम तैयार किया है। हरियाणा भाजपा के नेताओं से संबंधित स्टार प्रचारकों के कार्यक्रम भी मांगे गए हैं। स्थानीय नेताओं की मांग के आधार पर स्टार प्रचारकों के कार्यक्रम तय किए जाएंगे।
स्टार प्रचारकों की सूची एक अक्तूबर तक
हरियाणा भाजपा के नेताओं से संबंधित स्टार प्रचारकों के कार्यक्रम भी मांगे गए हैं। स्थानीय नेताओं की मांग के आधार पर स्टार प्रचारकों के कार्यक्रम तय किए जाएंगे।
सभी प्रत्याशी अपने क्षेत्र में मोदी का कार्यक्रम करवाना चाह रहे हैं। मोदी के अलावा सुषमा स्वराज, अरुण जेटली और अन्य नेताओं को भी पार्टी इस विधानसभा चुनाव में उतारने की तैयारी में है, लेकिन नवजोत सिद्धू के प्रचार की बात पर भाजपा ने चुप्पी साध ली है।
हरियाणा के चुनाव प्रभारी कैलाश विजयवर्गीय के मुताबिक अभी तक वे 17 विधानसभा क्षेत्रों का दौरा कर चुके हैं। आने वाले एक सप्ताह में सभी 90 विधानसभा क्षेत्रों का दौरा पूरा कर लिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि पार्टी सभी स्टार प्रचारकों की सूची एक अक्तूबर तक तय कर लेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम भी तब तक तय हो जाएंगे। 25 से 27 सितंबर तक पार्टी उम्मीदवारों के नामांकन भरवाने का का पूरा कर देगी।