जल्द होंगे हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के चुनाव
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी(एचएसजीपीसी) के चुनाव जल्द करवाए जाएंगे। अभी एचएसजीपीसी के चुनावों के मद्देनजर वोट बनवाने की प्रक्रिया जारी है। मुख्यमंत्री विधानसभा में हरियाणा विधानसभा में हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक (संशोधन) विधेयक, 2024 पर चर्चा के दौरान बोल रहे थे। इससे पहले, सदन ने संशोधन विधेयक को मंजूरी दी।
सीएम ने कहा कि अधिनियम के तहत हरियाणा सिख गुरुद्वारा न्यायिक आयोग के गठन का प्रावधान है। आयोग के अध्यक्ष के लिए पहले प्रावधान था कि यह जिला न्यायाधीश होगा। यदि जिला न्यायाधीश अध्यक्ष के तौर पर नियुक्त नहीं किया जाता, तो तीन सदस्यों में से एक उनकी वरिष्ठता के क्रम में अध्यक्ष होगा। संशोधित विधेयक में केवल यह प्रावधान किया है कि आयोग का अध्यक्ष हाईकोर्ट का जज या जिला जज हो सकता है। 65 साल आयु की ऊपरी सीमा को भी हटाया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने एचएसजीपीसी के चुनाव के लिए रोक नहीं लगाई है। चुनावों के लिए अलग कमेटी है, जो पूरी प्रक्रिया देख रही है। वहीं, कांग्रेस नेता भूपेंद्र हुड्डा, बीबी बतरा और अशोक अरोड़ा ने मांग रखी कि कमेटी के जल्द चुनाव कराए जाएं और गुरुद्वारों की कमान सिख समाज के लोगों को सौंपी जाए न की सरकार के लोगों को।