उत्तर प्रदेश और दिल्ली के बाद हरियाणा के बदमाशों के संबंध में सीआईए 2 की पूछताछ में 25 हजार के इनामी रविंद्र ने कई खुलासे किए हैं। गुजरात का आदीपुर और अन्य शरण हरियाणा के बदमाशों की शरण स्थली बन रहे हैं। यही नहीं गुजरात के बदमाशों के साथ मिलकर हरियाणा, दिल्ली और गुजरात में वारदात को अंजाम दिया जा रहा है।
रोहतक पुलिस ने हरियाणा के बदमाशों को शरण देने वाले होटल संचालकों समेत दस लोगों को चिह्नित किया है। बता दें कि सीआईए-2 प्रभारी आजाद सिंह और उनकी टीम ने 25 हजार के इनामी रविंद्र उर्फ भोलू और उसके साथी निंदाना गांव के अमित को गिरफ्तार किया था। दोनों ने हरियाणा, दिल्ली और गुजरात में कई वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की थी।
आरोपी ने बताया कि पिछले करीब दो साल से हरियाणा के विभिन्न गिरोह के बदमाश दिल्ली और यूपी के बजाए गुजरात में शरण ले रहे हैं। गुजरात के 8 से अधिक बदमाश रविंद्र के साथ मिलकर हरियाणा और दिल्ली में वारदात को अंजाम दे रहे हैं।
रविंद्र ने बताया कि हरियाणा के अनिल छिप्पी, दिल्ली और हरियाणा में सक्रिय नीरज बवाना, लारेंस बिश्नोई गिरोह के बदमाश भी पुलिस की डर से गुजरात में शरण ले रहे हैं। उधर, एएसपी मकसूद अहमद का कहना है कि हरियाणा के बदमाशों को शरण देने वाले लोगों पर शिकंजा कसने के लिए गुजरात पुलिस को भी पत्र भेजा जाएगा।