हरियाणा स्कूल शिक्षा विभाग की प्रिंसिपल प्रमोशन में निदेशालय अधिकारियों की भारी लापरवाही उजागर हुई है। सेकेंडरी शिक्षा निदेशक कार्यालय ने प्रमोशन के लिए जारी वरिष्ठता सूची में रिटायर्ड पीजीटी और मुख्याध्यापकों के नाम भी शामिल कर दिए। पीजीटी से वरिष्ठता संख्या 1337 से 1850 और मुख्याध्यापकों से 874 से 1480 वरिष्ठता संख्या के बीच प्रमोशन के लिए केस मांगे गए।
स्कूलों में कार्यरत पीजीटी और मुख्याध्यापकों ने जब वरिष्ठता सूची का गहनता से अध्यनन किया तो पाया गया कि पीजीटी की वरिष्ठता सूची में 166 लेक्चरर ऐसे भी शामिल हैं जो रिटायर हो चुके हैं, जबकि मुख्याध्यापकों की वरिष्ठता सूची में लगभग 400 हेडमास्टर ऐसे हैं, जो सेवानिवृत्ति है। इस पर हरियाणा स्कूल लेक्चरर एसोसिएशन ने स्कूल शिक्षा विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव (एसीएस) पीके दास से शुक्रवार को मुलाकात कर आपत्ति जताई।
इस पर दास ने वरिष्ठता सूची का पत्र जारी करने वाले उपनिदेशक एचआरजी-वन को फटकार लगाई। चूंकि, एसीएस के पास वरिष्ठता सूची का सही रिकॉर्ड उपलब्ध था और उपनिदेशक ने पुराने रिकॉर्ड अनुसार ही पत्र जारी कर दिया था। दास ने उपनिदेशक को भविष्य में इस तरह के गलत पत्र न जारी करने की भी नसीहत दी है। वरिष्ठता सूची रिटायर्ड हो चुके पीजीटी व मुख्याध्यापकों के नाम हटाकर जारी होनी चाहिए थी।