700 बसें किलोमीटर स्कीम के तहत चलाने को लेकर सरकार अडिग है। कर्मचारी विरोध में आंदोलन का झंडा बुलंद कर चुके हैं। सीएम मनोहर लाल ने कड़ा रुख अपनाते हुए साफ कर दिया है कि किलोमीटर स्कीम पर किसी तरह का समझौता नहीं होगा। कर्मचारियों की बाकि सभी मांगों पर सरकार वार्ता को तैयार है।
सरकार की वादाखिलाफी से हड़ताल : कमेटी
हरियाणा रोडवेज कर्मचारी तालमेल कमेटी के वरिष्ठ सदस्य इंद्र सिंह बधाना, हरिनारायण शर्मा, दलबीर किरमारा, विरेंद्र धनखड़, अनूप सहरावत, सरबत सिंह पूनिया, जयभगवान कादियान व बलवान सिंह दोदवा ने कहा कि कर्मचारी सरकार की वादाखिलाफी व 700 बसें निजी कंपनियों से किलोमीटर स्कीम पर हायर करने के विरोध में हड़ताल करने को मजबूर हुए हैं।
कर्मचारी हड़ताल न कर सरकार से लगातार वार्ता की मांग करते रहे, लेकिन सरकार ने अड़ियल रवैया नहीं छोड़ा। तालमेल कमेटी ने चेतावनी दी है कि अगर सरकार ने समय रहते वार्ता कर सभी समस्याओं का समाधान नहीं किया व एस्मा के तहत किसी भी प्रकार की कार्रवाई की गई तो चक्का जाम अनिश्चितकालीन में बदल सकता है।