बस में चढ़ने से पहले हाथ सैनिटाइज करते यात्री
- फोटो : अमर उजाला
हरियाणा में आज से 10 जिलों में परिवहन सेवा शुरू हो गई। 29 अलग-अलग रूट के लिए समय सारिणी के अनुसार बसें रवाना हुईं। परिवहन मंत्री ने बताया कि अगर किसी कारणवश किसी मार्ग पर बस परिचालन संभव नहीं होगा तो प्रस्थान के समय से दो घंटे पूर्व सूचना के साथ बस परिचालन रद्द कर दिया जाएगा। ऐसी स्थिति में यात्री को किराया वापस देंगे।
नियमों के पालन की जिम्मेदारी डिपो महाप्रबंधक की
परिवहन मंत्री मूल चंद शर्मा ने बताया कि चलाने से पहले बसों को सैनिटाइज करवाया गया है। बस अड्डों पर सोशल डिस्टेंसिंग के लिए पेंट से मार्किंग की गई है। सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराने की जिम्मेदारी डिपो महाप्रबंधक की रहेगी।
ऑनलाइन बुकिंग, कंफर्म टिकट पर ही एंट्री मिलेगी
परिवहन मंत्री ने बताया कि सभी रूट पर बुकिंग केवल ऑनलाइन पोर्टल http://hartrans.gov.in के माध्यम से होगी। जिन-जिन जिलों में बसें चलाई जाएंगी, वहां बिना अग्रिम बुकिंग के बस अड्डे पर प्रवेश वर्जित है।
यह भी पढ़ें: दिल्ली में फंसे हरियाणा के लोगों को बड़ी राहत, 18 मई से शुरू होगी बस सेवा, इन बातों का रखना होगा ख्याल
बस अड्डे से चलेगी और बस अड्डे पर ही रुकेगी
बस निर्धारित बस अड्डे से चलकर दूसरे जिले के बस अड्डे पर ही रुकेगी। रास्ते में पड़ने वाले स्टेशन से किसी भी यात्री को बस में चढ़ने या उतरने की अनुमति नहीं होगी। कोरोना वायरस से प्रभावित जिलों से गुजरने वाली बसें बाइपास या फ्लाईओवर से गुजरेंगी।
मास्क और थर्मल स्क्रीनिंग अनिवार्य होगी
एक बस में केवल 30 यात्री ही बैठेंगे। प्रवेश से पहले यात्रियों की स्क्रीनिंग की जाएगी। हर यात्री के लिए मास्क पहनना और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करना जरूरी होगा। बिना मास्क पहने यात्री को बस में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।