गृहमंत्री अनिल विज का कहना है कि मैं सीनियर मंत्री हूं, आम पब्लिक के साथ विधायक भी शिकायत लेकर आ रहे हैं। मैं सबकी शिकायतों की जांच करवाता हूं। कुंडू के लगाए गए आरोपों की जांच के लिए एसआईटी गठित की गई है, जो एक माह में अपनी रिपोर्ट देगी।
विज ने कहा कि वे प्रदेश की जनता के वकील हैं। आमजन के हित के लिए उनकी लड़ाई अनवरत चलती रहेगी। चाहे सरकार में रहें या सरकार से बाहर रहें। महम के विधायक बलराज कुंडू द्वारा पूर्व मंत्री ग्रोवर पर लगाए गए घोटालों के आरोपों पर जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि अगर कोई भी उनके समक्ष किसी प्रकार की अनियमितता की शिकायत लेकर आएगा तो निश्चित तौर पर संबंधित के खिलाफ जांच की जाएगी।
उन्होंने कहा कि विधायक कुंडू ने उन्हें जो शिकायत दी थी उसकी जांच के लिए एसआईटी गठित कर दी गई है। बता दें कि एक दिन पहले महम के विधायक बलराज कुंडू ने चंडीगढ़ में प्रेसवार्ता में आरोप लगाए थे कि प्रदेश के अंदर शुगर मिलों में मंत्री रहते हुए मनीष ग्रोवर की शह पर करोड़ों रुपये के घोटाले हुए। कागजात के साथ उन्होंने सीएम मनोहर लाल को शिकायत दी है।
पूरे मामले की जांच किसी ईमानदार अधिकारी से करवाई जाए। इससे पहले कुंडू पूर्व मंत्री कविता जैन और मनीष ग्रोवर पर शहरी निकाय विभाग में गड़बड़ी का आरोप लगा चुके हैं। ग्रोवर की तरफ से कुंडू को 24 जनवरी को लीगल नोटिस भेजा था, जिसमें कहा गया था कि अगर 15 दिन के अंदर कुंडू ने सबूत नहीं दिए तो वे आगे की कार्रवाई करेंगे। हालांकि समय सीमा पूरी हो चुकी है। अब ग्रोवर द्वारा आगे की कार्रवाई का इंतजार है।
गृहमंत्री ने कहा कि प्रदेश की पुलिस को हाईटेक बनाने के लिए सेवा डायल 112 मई और जून के अंत तक शुरू कर दी जाएगी। पुलिस की जनता तक पहुंच बनी रहे, इसलिए 630 गाड़ियां खरीदी जा रही है। उन्होंने बताया कि सी-डैक से उनका एग्रीमेंट हो चुका है।
जिसके माध्यम से सभी शिकायतें व टेलीफोन कॉल पहले पंचकूला जाएंगी जहां चार भाषाओं के ज्ञाता हिंदी, इंग्लिश, पंजाबी और हरियाणवीं ऑपरेटर बैठाये जाएंगे जो बाहर से आने वाली कॉल को अटेंड करेंगे और जहां भी जरूरत होगी, वहां पुलिस तुरंत प्रभाव से भेजी जाएगी। उन्होंने कहा कि हर शहरी क्षेत्र में पुलिस फायर ब्रिगेड व एंबुलेंस शिकायत के15 मिनट के भीतर पहुंचे, ऐसी व्यवस्था की जा रही है।
प्रदेश में 450 डॉक्टर होंगे जल्द भर्ती
मंत्री अनिल विज ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग में डॉक्टरों की कमी को पूरा करने के लिए जल्द 450 डॉक्टरों की भर्ती की जाएगी। जो टेस्ट पास करेंगे, उनको नियुक्ति दे दी जाएगी। महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय में पेड़ों की कटाई को लेकर चल रहे विवाद पर उन्होंने कहा कि यह उनके संज्ञान में है और वे उनकी जांच करवाएंगे।