आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद की देश के विभिन्न हिस्सों में बड़े रेलवे स्टोशनों को निशाना बनाने की धमकी के बाद हरियाणा के रेलवे स्टेशन और आसपास की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। सभी स्टेशन पर हाई अलर्ट घोषित किया गया है।
प्रदेश से गुजरने वाली सभी ट्रेनों की कड़ी जांच की जा रही है। स्टेशन के भीतर और आसपास सुरक्षा की दृष्टि से पर्याप्त पुलिस बल की तैनात की गई है। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक, कानून एवं व्यवस्था नवदीप सिंह विर्क ने बताया कि किसी भी अप्रिय घटना को नाकाम करने के लिए पुलिस तैयार है।
स्टेशन पर तैनात स्टाफ को ट्रेनों की तलाशी में कोई लापरवाही न बरतने की हिदायत दी गई है। नियमित जांच के अतिरिक्त रेलवे स्टेशन के बाहर खड़े वाहनों की भी जांच कर रहे हैं। अप्रिय घटना रोकने के लिए पुलिस बल अतिरिक्त सावधानी बरत रहा है।
राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) रेलवे स्टेशन के परिसर के भीतर संदिग्ध तत्वों की तलाश के लिए संयुक्त अभियान चला रहे हैं। यात्रियों के बीच सुरक्षा की भावना पैदा करने के लिए आरपीएफ के साथ जीआरपी के जवान संयुक्त अभियान चलाए हुए हैं।
पुलिस बल संदिग्धों पर भी विशेष निगरानी रखे हुए हैं। किसी भी संदिग्ध वस्तु और व्यक्ति की तत्काल सूचना देने के निर्देश दिए गए हैं। एहतियात के तौर पर संदिग्ध लोगों की भी तलाशी ले रहे हैं।