विश्व के सबसे बड़े प्रजातंत्र भारत की चुनाव प्रक्रिया का अनुसरण विश्व के कई देश कर रहे हैं। यह कहना है मुख्य चुनाव अधिकारी श्रीकांत वाल्गद का। मुख्य निर्वाचन अधिकारी एवं प्रधान सचिव चुनाव विभाग हरियाणा श्रीकांत वालगद ने कहा कि यह दिन बहुत गर्व है कि हम राष्ट्रीय मतदाता दिवस मनाने के लिए एकत्रित हुए है।
उन्होंने कहा कि विभाग की वेबसाइट को अपडेट करते हुए वेबसाइट पर पंजीकरण का फार्म भरने तथा अपने नाम वोटर कार्ड पर आधारित खोज करने की सुविधा प्रदान की गई है। वे पंचकूला के सेक्टर-14 स्थित राजकीय महिला महाविद्यालय के सभागार में छठे राज्यस्तरीय राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में नए मतदाताओं व प्रतियोगिताओं के विजेता को संबोधित कर रहे थे।
इस मौके पर हरियाणा राज्य चुनाव आयोग के आयुक्त राजीव शर्मा ने कहा कि अब मतदाता अपने अधिकारों को जान गए हैं। यही कारण है अब लगातार वोटिंग प्रतिशत बढ़ता जा रहा है। इसका ताजा उदाहरण है पंचायत चुनाव। जिसमें 87 फीसदी वोटिंग हुई।
उन्होंने बताया कि हरियाणा में वर्ष 2016 के लिए प्रकाशित मतदाता सूची में मतदाताओं की संख्या लगभग एक करोड़ 69 लाख हो गई है। 3.13 लाख नए मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में जोड़े गए हैं। पुनरीक्षण में नए 3.13 लाख मतदाताओं में से 2.39 लाख मतदाता 18-29 आयु वर्ग के युवा हैं।
इस अवसर पर राज्य स्तर एवं जिला स्तर पर करवाई गई प्रतियोगिता के विजेताओं, नए बने मतदताओं को पहचान पत्र तथा सहरानीय कार्य करने वाले बीएलओज को आयुक्त राजीव शर्मा ने विभाग की ओर से सम्मानित किया। इसके अतिरिक्त राजकीय महाविद्यालय की छात्राओं को सरस्वती वंदना तथा राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की छात्राओं को हरियाणवी नृत्य प्रस्तुत करने पर सम्मानित किया।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त मंदीप सिंह बराड़ ने कहा कि विश्व के सबसे बड़े प्रजातंत्र भारत की चुनाव से संबंधित प्रक्रिया का विश्व के बहुत से देश अनुसरण कर रहे है। अतिरिक्त मुख्य चुनाव अधिकारी महेश्वर शर्मा ने हरियाणा के राज्यपाल प्रो. कप्तान सिंह सोलंकी का राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर उनका संदेश पढ़ा।
इस मौके पर अतिरिक्त उपायुक्त हेमा शर्मा, एसडीएम ममता शर्मा, नगराधीश राधिका सिंह, कालेज की प्रिंसीपल वंदना गुप्ता सहित निर्वाचन विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।