महम से निर्दलीय विधायक बलराज कुंडू
- फोटो : फाइल फोटो
हरियाणा के महम से निर्दलीय विधायक बलराज कुंडू ने विधानसभा में प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतिम दिन जमकर अपना गुबार निकाला। चर्चा विधानसभा की समितियों के कार्य क्षेत्र और शक्तियों पर चल रही थी। इस दौरान बलराज कुंडू ने पहले तो लोकसभा सचिवालय से आए अफसरों से यह सवाल किया कि क्या विधानसभा समिति के चेयरमैन को सब कमेटी गठित करने का अधिकार है या नहीं।
इस पर लोकसभा सचिवालय के निदेशक जया कुमार टी ने जवाब दिया कि कर सकते हैं। तक कुंडू बोले कि विधायक सीमा त्रिखा विधानसभा की स्वास्थ्य समिति की अध्यक्ष हैं। वह कहती हैं कि नहीं कर सकते, यह अधिकार स्पीकर के पास ही है। इसके बाद खुद और अपने भाई पर दर्ज हुए केस का दर्द कुंडू की जुबान पर आ गया।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में जो बड़े-बड़े घोटाले हुए हैं, उन्हें विधानसभा की कौन सी समिति के समक्ष उठाएं। इस पर स्पीकर ज्ञान चंद गुप्ता ने कहा कि उन्हें लेकर पिटीशन समिति के समक्ष रख सकते हैं। इसके बाद कुंडू बोले कि जो घोटाला उठाता है, उसके खिलाफ ही मामला दर्ज करा दिया जाए तो कौन सी समिति के पास जाएं, स्पीकर ने कहा कि फाइंडिंग कमेटी के पास।
स्पीकर ने कुंडू को कहा कि यह मामले उठाने का न तो समय है न स्थान, ये प्रशिक्षण का वक्त है। यह सुनते ही कुंडू का गुबार फूट पड़ा। उन्होंने कहा कि एक विधायक चार लाख लोगों की आवाज बनकर आया है। यह बताएं, वह घोटाले उठाए भी या नहीं। अभी तो पहला ही मामला उठाया और उन पर केस दर्ज करवा दिया गया, आगे तो गोली भी मार सकते हैं।
स्पीकर ज्ञान चंद गुप्ता ने कुंडू को समझाते हुए कहा कि आपके पास अपनी शिकायत रखने के लिए बहुत से स्थान हैं, जिस पर विधायक बोले कि मुझे तो कोई नजर नहीं आया। लोकसभा सचिवालय के अधिकारी जया कुमार टी ने कहा कि आपके पास बहुत अधिकार हैं, विधानसभा के रूल्स को पढ़िए।