इसी प्रकार, 372 पुलिस जांच अधिकारियों को निलंबन को लेकर विज ने पूरी सख्ती बरती और डीजीपी से लेकर गृह सचिव को इस मामले की जांच के आदेश दिए। इस मामले में 100 जांच अधिकारियों को निलंबित किया गया। वहीं, दिसंबर 2022 में एमबीबीएस स्टूडेंटस के लिए लाई गई बांड पालिसी के विज खिलाफ थे और उन्होंने फीस बढ़ाने का विरोध किया था। हालांकि, सरकार ने इस मामले में उनकी सलाह नहीं मानी और आखिरकार कुछ संशोधन करके पालिसी लागू कर दी थी।
दो माह तक नहीं देखा था काम
अपनी बात मनवाने के लिए विज ने पिछले साल नवंबर से दिसंबर तक स्वास्थ्य विभाग की फाइलें देखना बंद कर दिया था। विज डॉ. सोनिया खुल्लर के पति सीएम के सीपीएस राजेश खुल्लर की दखलअंदाजी से नाराज थे। लंबा विवाद चलने के बाद आखिरकार मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने बैठक की और विज को मनाया।
विज पहले भी होते रहे नाराज, मना लेंगे: मनोहर लाल
विज की नाराजगी और मंत्रिमंडल के शपथ ग्रहण में नहीं आने को लेकर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि विज कई बार पहले भी नाराज होते रहे हैं लेकिन वह मान भी जाते हैं। उनका स्वभाव है लेकिन उनका मन साफ है। हमें भरोसा है कि वह मान जाएंगे। मैंने खुद उनसे बात की है और सीएम नायब सिंह सैनी भी उनसे बात करेंगे। जब मैंने विज से बात की तो उन्होंने कहा कि वह नाराज हैं और उनका मन नहीं है। इसलिए किसी पर दबाव बनाकर काम नहीं कराया जा सकता। मनोहर लाल ने पुष्टि की है कि अनिल विज का मंत्रिमंडल में नाम है और केंद्रीय नेतृत्व भी उनसे बात कर रहा है, कैबिनेट विस्तार में उनको मना लेंगे।