हरियाणा विधानसभा का मानसून सत्र
- फोटो : अमर उजाला
विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान विधायकों की आवभगत बाजरा व अन्य मोटे अनाजों से बने पकवानों से होगी। 27 दिसंबर को कृषि एवं कल्याण मंत्री जय प्रकाश दलाल दोपहर भोज देंगे। इस बार 52 विधायकों ने 311 तारांकित और 22 ने 171 अतारांकित सवाल दिए थे। मंगलवार को स्पीकर ज्ञानचंद गुप्ता ने विधायकों की मौजूदगी में तीन दिन के सत्र के लिए ड्रा के जरिये 60 सवाल चुने। इस बार एक भी काम रोको प्रस्ताव नहीं आया है।
गुप्ता ने पत्रकारों को बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर संयुक्त राष्ट्र संघ ने 2023 को मोटे अनाज (मिलेट्स) वर्ष के तौर मानने का निर्णय लिया है। प्रधानमंत्री ने मोटे अनाज और उससे बने खाद्य पदार्थों को प्रोत्साहित करने का आह्वान किया है। विधानसभा के शीतकालीन सत्र से इसकी शुरूआत की जा रही है।
26 से 28 दिसंबर तक चलने वाले शीतकालीन सत्र की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सत्र की अवधि पर अंतिम निर्णय 26 दिसंबर को होने वाली कार्य सलाहकार समिति (बीएसी) की बैठक में होगा। सत्र रोजाना सुबह 11 बजे से शाम छह बजे तक चलेगा। बीच में एक घंटे का भोजनावकाश रहेगा। सवालों के ड्रा की पर्चियां विधायक सीमा त्रिखा, असीम गोयल, प्रमोद विज, बलराज कुंडू और विधानसभा सचिव राजेंद्र कुमार नांदल और सचिवालय के अधिकारियों ने गुप्ता की देखरेख में निकालीं। गुप्ता ने कहा कि इस बार 75 फीसदी तक काम ई-विधान से ही होगा। प्रयास रहेगा कि सभी प्रश्न डिजिटल तरीके से ही लिए जाएं।
तीन विधेयक होंगे पेश
प्रदेश सरकार से मंगलवार दोपहर तक तीन विधेयक विधानसभा सचिवालय को मिले हैं। इनमें हरियाणा नगरीय अचल संपति कर (सूची विधिमान्यकरण) निरसन विधेयक 2022, हरियाणा लघु नगर (कर-विधिमान्यकरण) निरसन विधेयक 2022, हरियाणा नगर पालिका (कर -विधिमान्यकरण) निरसन विधेयक 2022 शामिल हैं।
25 ध्यानाकर्षण प्रस्ताव विधायकों ने दिए
विधानसभा को दो गैर सरकारी संकल्पों की सूचनाएं मिली हैं। 25 ध्यानाकर्षण प्रस्ताव, एक लघु अवधि प्रस्ताव विधायकों ने भेज हैं। कार्य स्थगन प्रस्ताव के लिए फिलहाल कोई सूचना नहीं मिली है। विस अध्यक्ष ने बताया कि 22 दिसंबर को सुरक्षा संबंधी बैठक होगी, जिसमें सत्र के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने के निर्देश अधिकारियों को दिए जाएंगे।