फरीदाबाद-गुरुग्राम कलस्टर में एकीकृत ठोस अपशिष्ट प्रबंधन की खामियों को लेकर इको ग्रीन कंपनी फिर सुर्खियों में है। शुक्रवार को बड़खल से भाजपा विधायक सीमा त्रिखा ने कंपनी की कार्यप्रणाली पर विधानसभा में सवाल उठाए। उन्होंने सरकार से कंपनी को लेकर प्रश्नकाल में चार सवाल पूछे और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को लेकर खामियां गिनाईं।
कांग्रेस विधायक नीरज शर्मा ने भी अनुपूरक सवाल पूछे और कंपनी के कार्यों पर असंतोष जताया। स्वास्थ्य मंत्री विज की अनुपस्थिति में परिवहन मंत्री मूल चंद शर्मा ने विधायकों के सवालों का जवाब दिया। साथ ही कंपनी को समझौते की शर्तों का उल्लंघन करने पर लगाए गए जुर्माना की जानकारी दी।
मूल चंद शर्मा ने बताया कि इकोग्रीन कंपनी को वर्ष 2017 में 22 वर्षों के लिए काम आवंटित किया गया है। नगर निगम फरीदाबाद ने कंपनी को वित्त वर्ष 2017-18 में 53085000 रुपये, 2018-19 में 224765000 रुपये, 2019-20 में 191896000 रुपये, 2020-21 में 240125901 रुपये और 2021-22 में अप्रैल 21 से मई 21 तक 37203701 रुपये जारी किए हैं।
स्वच्छ सर्वेक्षण 2017 में नगर निगम फरीदाबाद 88वें स्थान पद था जबकि 2020 के स्वच्छ सर्वेक्षण में नगर निगम फरीदाबाद ने 8वां स्थान प्राप्त किया है। अब तक नगर निगम फरीदाबाद ने कंसेसनेयर पर 21433515 रुपये का जुर्माना लगाया है। फरीदाबाद की गोंछि ड्रेन के दोनों ओर सड़क बना दी गई है और साफ सफाई की जा रही है।